Patrika Explainer: कांग्रेस की बैसाखी छोड़ने की तैयारी में CM थलापति विजय, अकेले बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए बना रहे खास प्लान

Patrika Explainer: कांग्रेस की बैसाखी छोड़ने की तैयारी में CM थलापति विजय, अकेले बहुमत का आंकड़ा पार करने के लिए बना रहे खास प्लान

Tamil Nadu Politics: तमिलनाडु में AIADMK के तीन विधायकों के इस्तीफा देने के बाद राजनीतिक हलचल तेज हो गई है। दरअसल, तीनों विधायकों ने पार्टी से इस्तीफा देने के बाद सीएम विजय की टीवीके का दामन थाम लिया है। इसके अलावा TVK नेता ने दावा किया है कि आने वाले हफ्तों में करीब 8 विधायक और इस्तीफा देकर पार्टी में शामिल होंगे। ऐसे में प्रदेश की कई सीटों पर उपचुनाव हो सकते हैं। 

अपने बूते पर सरकार चाहते हैं विजय

तमिलनाडु विधानसभा चुनाव में विजय की पार्टी ने 108 सीटों पर जीत दर्ज की थी और बहुमत के आंकड़े से 10 सीटें पीछे रह गई। इसके बाद काफी रस्साकशी के बाद कांग्रेस, CPI, CPI(M), VCK और IUML के समर्थन से विजय ने सीएम पद की शपथ ली। 

हालांकि अब विजय का प्लान अपने बूते पर सरकार बनाना है और यह सहयोगियों के लिए चिंता की बात हो सकती है। विजय की नजर इस समय प्रदेश की चार सीटों पर होने वाले उपचुनाव को लेकर है। हालांकि ये सीटें भी बढ़ सकती हैं, क्योंकि AIADMK के अंबासमुद्रम विधायक एसाक्की सुबाया भी पार्टी से इस्तीफा दे सकते हैं। हालांकि उनका इस्तीफा स्पीकर ने स्वीकार नहीं किया है। 

स्पीकर ने उनका इस्तीफा इसलिए स्वीकार नहीं किया क्योंकि उनका इस्तीफा टाइप किया हुआ था, हाथ से लिखा हुआ नहीं था। माना जा रहा है कि एसाक्की सुबाया भी टीवीके का दामन थामेंगे। ऐसे में एक और सीट पर उपचुनाव हो सकता है। 

उपचुनाव में TVK से उतरेंगे विधायक

बता दें कि विधानसभा में फ्लोर टेस्ट के दौरान सीवी शनमुगम के नेतृत्व में 25 विधायकों ने टीवीके सरकार का समर्थन किया था। इसके बाद अटकलें लगाई जाने लगी कि इन विधायकों में से कुछ को कैबिनेट में जगह मिल सकती है। लेकिन TVK सरकार में सहयोगी कांग्रेस, वामदलों और अन्य दलों के दबाव के चलते यह प्लान ड्रॉप कर दिया। 

अब माना जा रहा है कि जिन विधायकों ने AIADMK से इस्तीफा दिया है, वे उपचुनाव में TVK के चुनाव चिन्ह सीटी से फिर से मैदान में उतरेंगे। ऐसे में यदि ये जीतकर दोबारा विधानसभा पहुंचते हैं तो टीवीके के विधायकों की संख्या बढ़ेगी और बहुमत के आंकड़े के करीब पहुंच जाएंगे। 

क्या हो जाएगा समीकरण?

फिलहाल सीएम विजय के पास 107 विधायक हैं। विधानसभा चुनाव में टीवीके ने 108 सीटों पर जीत हासिल की थी। लेकिन विजय को दो सीटों पर जीत मिली थी। इसके बाद उन्होंने एक सीट छोड़ दी। ऐसे में अब तक प्रदेश में चार सीटें खाली है, जिन पर उपचुनाव होना है। यदि टीवीके चारों सीटों पर जीत दर्ज करती है तो उसके पास 111 विधायक हो जाएंगे। 

हालांकि अभी भी अकेले सरकार बनाने से दूर रहेगी और उसे कांग्रेस समेत अन्य सहयोगी दलों पर निर्भर रहना होगा। यदि और विधायक इस्तीफा देते हैं और TVK से जीतते हैं, तो विजय को कांग्रेस समेत सहयोगियों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इसलिए विजय चाहते हैं कि आने वाले दिनों में कुछ और AIADMK विधायक इस्तीफा दे दें, जिससे उन्हें फायदा हो। 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *