ड्राई फ्रूट कारोबारी ने कानपुर और दिल्ली के चार व्यापारियों पर कारोबार के नाम पर 93 लाख रुपये की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाकर पुलिस कमिश्नर रघुबीर लाल से शिकायत की। जिनके आदेश पर कलक्टरगंज पुलिस ने धोखाधड़ी का मुकदमा दर्ज किया। अब जानिए क्या है पूरा मामला… मूलरूप से दिल्ली के जीवन नगर निवासी सुमित अग्रवाल वर्तमान में जूही के आनन्दपुरी में रहते है। उनके अनुसार वह अपनी पारिवारिक फर्म तिरुपति इंडस्ट्रीज के माध्यम से सूखे मेवे यानी ड्राई फ्रूट का काम करते है। नयागंज स्थित राधाकृष्ण ट्रेडिंग कपंनी के संचालक आशीष गुप्ता, मनीष गुप्ता और ब्रोकर एजेंट दक्ष अग्रवाल ने उन्हें भरोसे में लेकर दिल्ली की एक फर्म से व्यापार कराया। शुरूआत में उसने समय से भुगतान कर विश्वास जीता। आरोप है कि दिसंबर 2024 से अप्रैल 2026 तक लाखों रुपये का माल सप्लाई कराया गया। करीब 93 लाख रुपये का भुगतान रोक लिया गया। आरोप है कि रकम मांगने पर गाली-गलौज और फर्जी मुकमदे में फंसाने की धमकी दी गई। कलक्टरगंज थाना प्रभारी ने बताया कि कानपुर के व्यापारी आशीष गुप्ता, मनीष गुप्ता, एजेंट दक्ष अग्रवाल और दिल्ली के व्यापारी पवन गोयल के खिलाफ धोखाधड़ी समेत अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया है।


