देवरिया में जिला कांग्रेस कमेटी ने महोबा में नीट की तैयारी कर रही दलित छात्रा के अपहरण और सामूहिक दुष्कर्म के विरोध में सोमवार को कलेक्ट्रेट में प्रदर्शन किया। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपकर दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़िता को न्याय दिलाने की मांग की। जिला कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष विजय शेखर मल्ल के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता टाउन हॉल पर एकत्र हुए। इसके बाद वे कांग्रेस कार्यालय से जुलूस के रूप में सुभाष चौक और सिविल लाइंस मार्ग होते हुए कलेक्ट्रेट पहुंचे। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रदेश सरकार के खिलाफ नारेबाजी की और महिला सुरक्षा तथा कानून व्यवस्था पर सवाल उठाए। कलेक्ट्रेट पहुंचने पर कांग्रेस प्रतिनिधिमंडल ने उप जिलाधिकारी सदर प्रवीण कुमार को राज्यपाल के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन में महोबा की घटना को मानवता को शर्मसार करने वाला बताया गया। इसमें आरोप लगाया गया कि छात्रा के अपहरण के बाद 16 दिनों तक उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म और अमानवीय व्यवहार किया गया, जिससे प्रदेश की कानून व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े हुए हैं।
जिलाध्यक्ष विजय शेखर मल्ल ‘रोशन’ ने कहा कि प्रदेश में महिलाओं और बेटियों की सुरक्षा खतरे में है, और सरकार कानून व्यवस्था संभालने में विफल रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस पार्टी पीड़िता को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ कठोर कार्रवाई की मांग को लेकर लगातार संघर्ष करेगी। ज्ञापन में मामले की निष्पक्ष एवं त्वरित जांच, दोषियों की शीघ्र गिरफ्तारी तथा पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा एवं आर्थिक सहायता उपलब्ध कराने की मांग की गई है। इस प्रदर्शन में पूर्व जिलाध्यक्ष सुयश मणि त्रिपाठी, बिस्मिल्लाह लारी, धर्मेंद्र सिंह, रामजी गिरी, भरत मणि त्रिपाठी, नागेंद्र शुक्ला, आनंददेव गिरी, जुलेखा खातून, संजीव कुमार मिश्रा, चंदन वर्मा सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।


