कौशांबी में कांग्रेस का प्रदर्शन:महोबा की नीट छात्रा के लिए न्याय मांगा, अजय राय पर FIR रद्द करने की अपील

कौशांबी में कांग्रेस का प्रदर्शन:महोबा की नीट छात्रा के लिए न्याय मांगा, अजय राय पर FIR रद्द करने की अपील

कौशांबी में सोमवार को कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने महोबा की युवती के साथ हुई घटना को लेकर प्रदर्शन किया। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने राज्यपाल को संबोधित एक ज्ञापन जिलाधिकारी को सौंपा। यह प्रदर्शन उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष अजय राय के निर्देश पर किया गया। ज्ञापन में महोबा की दलित युवती के साथ हुई कथित घटना का उल्लेख किया गया है। आरोप है कि प्रयागराज में NEET की तैयारी कर रही युवती का कोचिंग से लौटते समय अपहरण कर लिया गया। उसे 15 दिनों तक बंधक बनाकर दुष्कर्म किया गया और सिगरेट से जलाकर यातनाएं दी गईं, साथ ही जबरन शादी भी कराई गई। कांग्रेस ने युवती को न्याय दिलाने और दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। कांग्रेस जिलाध्यक्ष गौरव पाण्डेय ने बताया कि कांग्रेस पार्टी महोबा की दलित बेटी को न्याय दिलाने के लिए सड़क से सदन तक लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय राय जब पीड़ित युवती से मिलने गए थे, तब भाजपा के आईटी सेल के लोगों ने उनका फर्जी एआई जनरेटेड वीडियो बनाकर उनके खिलाफ एफआईआर दर्ज करा दी। ज्ञापन में अजय राय पर दर्ज मामले को रद्द करने की भी अपील की गई है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी है कि यदि दलित युवती को न्याय नहीं मिलता और प्रदेश अध्यक्ष पर दर्ज मामला वापस नहीं लिया जाता, तो पार्टी सड़क से लेकर सदन तक संघर्ष करेगी। इस प्रदर्शन में पूर्व प्रदेश सचिव रामबहादुर त्रिपाठी, जिला उपाध्यक्ष श्याम मूर्ति तिवारी, राम सूरत रैदास, जिला महासचिव श्याम सिंह भदौरिया, अर्श खुर्शीद, आसिफ अल्वी, जिला सचिव जयप्रकाश जायसवाल, हेमंत रावत, इंद्रपाल रैदास, ब्लॉक अध्यक्ष नेवादा रावेंद्र यादव, ब्लॉक अध्यक्ष सरसवा भागीरथी पटेल, नगर अध्यक्ष मंझनपुर संगीता कोरी, सोशल मीडिया जिलाध्यक्ष सचिन पाण्डेय सहित सैकड़ों कार्यकर्ता मौजूद रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *