Axar Patel Predict IPL 2026 Winner: आईपीएल 2026 का आखिरी लीग मुकाबला दिल्ली कैपिटल्स और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच खेला गया। इस मुकाबले से पहले ही दोनों टीमें प्लेऑफ्स की रेस से बाहर हो चुकी थीं। दिल्ली कैपिटल्स ने शानदार प्रदर्शन करते हुए कोलकाता नाइट राइडर्स को 40 रन से हरा दिया। जीत के साथ टूर्नामेंट का अंत करने से अक्षर पटेल खुश नजर आए और उन्होंने बताया कि उन्हें अपनी टीम पर गर्व है। साथ ही आईपीएल 2026 के सबसे बड़ी दावेदार का भी नाम बता दिया।
आखिरी तीनों मैच जीती दिल्ली
कोलकाता के इडेन गार्डेंस में अजिंक्य रहाणे एंड कंपनी को हराने के बाद अक्षर ने कहा, “मैं कहूंगा कि पिछले तीन मुकाबलों में जिस तरह से हम खेले, तब भी जब आपको पता था कि चीजें ठीक नहीं चल रही हैं, उसके बावजूद जिस तरह से टीम ने लड़ाई लड़ी, मुझे उस पर बहुत गर्व है। किसी ने नहीं सोचा था कि हम बस हार मान लेंगे और सोचेंगे कि हम पहले ही बाहर हो चुके हैं।”
उन्होंने आगे कहा, “सबसे पहले आपको अपनी गलतियां माननी होती हैं। इसके बाद आपको एहसास होता है कि आपको क्या बेहतर करना है। अगर सिर्फ एक मैच का नतीजा अलग होता, तो चीजें बहुत अलग हो सकती थीं। मुझे लगता है कि पिछली बार जब हमने अच्छा क्रिकेट खेला था, तो वह सिर्फ एक मैच के बारे में था। अगर वह एक मैच हमारे पक्ष में गया होता, तो हम अलग तरह से बात कर रहे होते। हमने टॉस के समय बात की थी कि कैच पकड़ने वाले पल बहुत महत्वपूर्ण होते हैं। अगर ऐसा हुआ होता, तो शायद हम अलग पोजीशन में होते।”
अपनी कप्तानी पर बात करते हुए अक्षर ने कहा, “मैंने सीखा है कि आईपीएल एक ऐसा टूर्नामेंट है, जहां आपको सबका ध्यान रखना होता है। हालांकि, आखिर में अगर आप मानसिक तौर पर बेहतर स्थिति में हैं, तभी आप सब कुछ ठीक से संभाल सकते हैं। अगर आप अच्छे मूड में नहीं हैं, तो आप गलत फैसले ले सकते हैं या निराश होकर कुछ और कर सकते हैं। मुझे लगता है कि शांत रहना बहुत महत्वपूर्ण है।”
अक्षर ने बताया कौन है जीत का दावेदार
इस दौरान उनसे पूछा गया कि आपने इस सीजन सभी टीमों के खिलाफ मुकाबला किया है। खिताब जीतने की दावेदार कौन सी टीम है? तब अक्षर ने सनराइजर्स हैदराबाद का नाम लिया। आपको बता दें कि पिछले कुछ सीजन से सनराइजर्स के बल्लेबाजों ने आईपीएल में अलग टेंपरामेंट सेट किया है, जिसे धीरे धीरे सभी टीमें फॉलो कर रही हैं। उनके नाम आईपीएल के सबसे बड़े स्कोर का रिकॉर्ड दर्ज है। दिल्ली ने हैदराबाद के खिलाफ एक ही मुकाबला खेला, जिसमें उसे हार का सामना करना पड़ा था।





