लिव-इन रिलेशन का खौफनाक अंत! पहले सिर पर मारा टीवी, फिर पानी से भरा हंडा, युवती की दर्दनाक मौत

महाराष्ट्र के ठाणे जिले के कल्याण-अंबिवली इलाके से इंसानियत को झकझोर देने वाली एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। यहां लिव-इन रिलेशनशिप में रहने के बाद शादी करने वाली 22 वर्षीय युवती की उसके पति ने कथित तौर पर चरित्र पर शक के चलते बेरहमी से हत्या कर दी। आरोप है कि युवक ने पहले युवती को प्यार से वापस घर बुलाया और फिर पूरी रात उसकी बुरी तरह पिटाई कर मौत के घाट उतार दिया।

मृतक युवती की पहचान रुक्सार अंसारी के तौर पर हुई है, जबकि आरोपी का नाम सतीश वाघे उर्फ गुड्डू है। घटना के बाद इलाके में भारी आक्रोश है। परिजनों ने आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। फिलहाल टिटवाला पुलिस ने आरोपी को हिरासत में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

कई वर्षों से लिव-इन रिलेशनशिप के बाद की थी शादी

जानकारी के मुताबिक, रुक्सार और सतीश पिछले दो से तीन वर्षों से बालयानी इलाके में लिव-इन रिलेशनशिप में रह रहे थे। पिछले कुछ समय से आरोपी सतीश रुक्सार के चरित्र पर शक कर रहा था। इसी बात को लेकर दोनों के बीच अक्सर विवाद होता था।

बताया जा रहा है कि वारदात के दो दिन पहले भी आरोपी ने रुक्सार के साथ मारपीट की थी। इससे परेशान होकर वह अपने माता-पिता के घर चली गई थी। लेकिन शनिवार शाम आरोपी ने उसे फोन कर भरोसा दिलाया कि अब वह उसे नहीं मारेगा और दोनों प्यार से साथ रहेंगे। उसकी बातों पर विश्वास कर रुक्सार वापस घर लौट आई। लेकिन उसे जरा भी अंदाजा नहीं था कि जिस पर वह फिर भरोसा कर रही है, वही उसकी जान का दुश्मन बनने वाला है।

रातभर बेरहमी से करता रहा पिटाई

परिजनों के अनुसार, देर रात आरोपी ने रुक्सार को लात-घूंसों और डंडे से पीटना शुरू कर दिया। आरोप है कि उसने घर में रखा टीवी और पानी से भरा भारी हंडा (तांबे का बर्तन) युवती के सिर पर दे मारा। गंभीर चोट लगने से रुक्सार खून से लथपथ होकर जमीन पर गिर पड़ी।

रुक्सार से मारपीट की भनक लगते ही उसके परिजन मौके पर पहुंचे और उसे पहले टिटवाला ग्रामीण अस्पताल ले गए। हालांकि, वहां से उल्हासनगर के सेंट्रल अस्पताल रेफर किया गया। लेकिन वहां पहुंचते ही डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

अस्पताल के बाहर घूम रहा था आरोपी, परिजनों ने सिखाया सबक

हत्या के बाद आरोपी अस्पताल के बाहर ही बेखौफ घूमता मिला। बेटी की मौत से गुस्साए परिजनों ने आरोपी को वहीं पकड़ लिया और उसकी जमकर पिटाई कर दी। बाद में उसे टिटवाला पुलिस के हवाले कर दिया गया।

टिटवाला पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर उसके खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धारा 103(1) (हत्या) के तहत मामला दर्ज किया है। पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *