कौशांबी में अघोषित विद्युत कटौती से परेशान ग्रामीणों के समर्थन में समर्थ किसान पार्टी ने प्रदर्शन किया। पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय सोनी ने विभागीय अधिकारियों से तत्काल सुचारू विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने की मांग की है। रविवार को अजय सोनी ने उदहिन बुजुर्ग, उदहिन खुर्द, मोंगरी कड़ा, बलीपुर, महंदापुर सहित सिराथू ब्लॉक के लगभग 10 गांवों का दौरा किया। ग्रामीणों ने बताया कि भीषण गर्मी में पूरे जिले में भयंकर विद्युत कटौती हो रही है, जिससे किसान, व्यापारी और आम जनता बेहद परेशान हैं। अघोषित कटौती के कारण पेयजल सहित कई अन्य समस्याएं भी उत्पन्न हो गई हैं।
सोनी ने कहा कि बिजली कटौती से लोग त्राहि-त्राहि कर रहे हैं और रतजगा के कारण बीमार पड़ रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से छोटे बच्चों, बुजुर्गों और बीमार लोगों को हो रही दिक्कतों पर चिंता व्यक्त की, जबकि गर्मी चरम पर है। समर्थ किसान पार्टी के अध्यक्ष ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही अघोषित विद्युत कटौती बंद नहीं हुई और रोस्टर के अनुसार नियमित आपूर्ति सुनिश्चित नहीं की गई, तो पार्टी कार्यकर्ता सड़क पर उतरकर बड़ा प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने जिला प्रशासन कौशांबी से तत्काल कटौती बंद करने और रोस्टर के अनुसार आपूर्ति करने की मांग की। इस सांकेतिक प्रदर्शन के दौरान रमेश सिंह, उदयभान सिंह, नन्हे लाल पांडेय, छोटे लाल शर्मा, लोकनाथ मास्टर, सद्दाम अहमद और जुम्मन अली सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।


