Samarth Singh Revelation On Twisha Sharma Death Mystery: भोपाल की मॉडल और अभिनेत्री ट्विशा शर्मा की मौत का मामला अब सिर्फ एक सामान्य आत्महत्या केस नहीं रह गया है। इस केस ने पूरे देश का ध्यान अपनी ओर खींच लिया है। एक तरफ ससुराल पक्ष इसे आत्महत्या बता रहा है, वहीं दूसरी तरफ ट्विशा का परिवार इसे सुनियोजित हत्या मान रहा है। मामले में सुप्रीम कोर्ट तक दखल दे चुका है और अब दूसरी बार पोस्टमार्टम भी कराया जा रहा है। लेकिन इन सबके बीच सबसे ज्यादा चर्चा उस आखिरी रात की हो रही है, जब ट्विशा की जिंदगी हमेशा के लिए खत्म हो गई।
दावा नंबर 1 (Samarth Singh Revelation On Twisha Sharma Death Mystery)
बताया जा रहा है कि 12 मई की शाम ट्विशा पार्लर से वापस घर लौटी थीं। सीसीटीवी फुटेज में भी उनकी एंट्री दर्ज हुई है। पति समर्थ सिंह के मुताबिक घर लौटने के बाद दोनों ने साथ में वक्त बिताया। दोनों पार्क में घूमने भी गए और फिर घर लौटकर खाना खाया। शुरुआती तौर पर सबकुछ सामान्य दिखाई दे रहा था, लेकिन पुलिस अब इसी टाइमलाइन को सबसे अहम मान रही है।
दावा नंबर 2
पूछताछ में समर्थ सिंह ने दावा किया कि प्रेग्नेंसी के बाद ट्विशा का व्यवहार काफी बदल गया था। उनका कहना है कि ट्विशा खुद को ग्लैमर इंडस्ट्री से जुड़ा मानती थीं और घरेलू जिंदगी में सहज महसूस नहीं कर पा रही थीं। समर्थ के मुताबिक कई बार इस बात को लेकर दोनों के बीच बहस भी हुई। खासतौर पर अजमेर जाने और दिल्ली लौटने को लेकर तनाव बढ़ गया था। पुलिस अब इस एंगल से भी जांच कर रही है कि क्या रिश्तों में बढ़ती दूरी ने मानसिक तनाव को जन्म दिया था।
दावा नंबर 3
समर्थ ने पुलिस को बताया कि रात करीब साढ़े आठ बजे दोनों टीवी देख रहे थे। इसके बाद ट्विशा नीचे वाले कमरे में चली गईं और अपने माता-पिता से फोन पर बात करने लगीं। कुछ देर बाद ट्विशा की मां का फोन आया और उन्होंने कहा कि उनकी बेटी परेशान लग रही है। इसके बाद जब परिवार वाले ऊपर पहुंचे तो ट्विशा फंदे पर लटकी मिलीं। समर्थ का कहना है कि उन्होंने और उनकी मां ने मिलकर ट्विशा को बचाने की कोशिश की, CPR भी दिया, लेकिन तब तक काफी देर हो चुकी थी।
हालांकि इस कहानी के कई हिस्सों पर सवाल भी उठ रहे हैं। ट्विशा के परिवार का दावा है कि शादी के बाद से ही उनकी बेटी मानसिक दबाव में थी। कुछ चैट्स और मैसेज भी सामने आए हैं जिनमें ट्विशा ने अपनी मां से घुटन महसूस होने की बात कही थी। यही वजह है कि पुलिस अब मोबाइल चैट, कॉल रिकॉर्ड, सीसीटीवी फुटेज और फॉरेंसिक रिपोर्ट को जोड़कर पूरे मामले की कड़ियां तलाश रही है।
दावा नंबर 4
बताया जा रहा है कि 17 अप्रैल के बाद ट्विशा अचानक भोपाल छोड़कर दिल्ली चली गई थीं। बाद में परिवार के समझाने पर वो वापस भोपाल लौटीं, लेकिन इस बीच दोनों के रिश्तों में दूरी बढ़ती गई। समर्थ ने पुलिस को बताया कि उसने पहले से बेंगलुरु ट्रिप प्लान की हुई थी और टिकट भी बुक कर लिए थे। शुरुआत में ट्विशा इसके लिए तैयार थीं, लेकिन बाद में उन्होंने साफ मना कर दिया।
यहीं से दोनों के बीच तनाव और बढ़ गया। समर्थ के अनुसार, ट्विशा ने कहा कि वो बेंगलुरु नहीं बल्कि अपने भाई के पास अजमेर जाना चाहती हैं। इसी बात को लेकर दोनों के बीच तीखी बहस हुई थी। पुलिस अब इस विवाद को केस का अहम हिस्सा मानकर जांच कर रही है। जांच एजेंसियां यह समझने की कोशिश कर रही हैं कि क्या ये सिर्फ सामान्य वैवाहिक विवाद था या इसके पीछे कोई गहरी मानसिक परेशानी छिपी हुई थी।
दावा नंबर 5
समर्थ ने आगे बताया कि 24 अप्रैल को ट्विशा अजमेर चली गई थीं। हालांकि वहां वो ज्यादा समय नहीं रुकीं और बाद में दिल्ली चली गईं। कुछ दिनों बाद वो दोबारा भोपाल लौटीं, लेकिन परिवार के मुताबिक तब तक वह काफी तनाव में रहने लगी थीं। कई चैट्स और मैसेज में भी उन्होंने घुटन महसूस होने की बात कही थी।
पति समर्थ सिंह की बढ़ी मुश्किलें
इस केस में एक और बड़ा मोड़ तब आया जब सुप्रीम कोर्ट ने मामले का संज्ञान लेते हुए दूसरी बार पोस्टमार्टम की अनुमति दी। दिल्ली एम्स की टीम भोपाल पहुंच चुकी है और आधुनिक तकनीकों के जरिए दोबारा जांच की जा रही है। परिवार को उम्मीद है कि इससे मौत की असली वजह सामने आएगी।
वहीं दूसरी तरफ समर्थ सिंह की मुश्किलें लगातार बढ़ती जा रही हैं। बार काउंसिल ऑफ इंडिया ने उनका वकालत लाइसेंस सस्पेंड कर दिया है। हाईकोर्ट में भी ससुराल पक्ष को राहत नहीं मिली। अब हर किसी की नजर पोस्टमार्टम रिपोर्ट और पुलिस जांच पर टिकी हुई है।


