शिवपुरी जिले के सीहोर थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते हवाई फायरिंग की घटना सामने आई है। यह विवाद खेत के रास्ते और रेत खदान के संचालन को लेकर बताया जा रहा है। दोनों पक्ष एक ही परिवार के सदस्य हैं। ग्राम सीहोर निवासी जितेंद्र पुत्र औतार सिंह गुर्जर ने बताया कि करीब दो महीने पहले खेत के रास्ते से निकलने को लेकर परिवार के ही प्रशांत गुर्जर से उनका विवाद हुआ था। तभी से दोनों पक्षों के बीच रंजिश चल रही थी। घर के बाहर बैठे थे पिता-पुत्र तभी आरोपी पहुंचे जितेंद्र के अनुसार, 23 मई 2026 की रात करीब 10 बजे वह अपने पिता औतार सिंह गुर्जर के साथ घर के बाहर खटिया पर बैठे थे। इसी दौरान प्रशांत गुर्जर अपने कुछ साथियों के साथ वहां पहुंचा और गाली-गलौज करने लगा। जब जितेंद्र ने इसका विरोध किया, तो प्रशांत गुर्जर ने कट्टे से कई हवाई फायर किए। परिजनों को आता देख मौके से भागे आरोपी घटना के दौरान परिवार के अन्य सदस्य बाबा जगजोर सिंह गुर्जर और उदयभान गुर्जर भी मौके पर पहुंच गए। उन्हें आता देख आरोपी पक्ष जान से मारने की धमकी देते हुए मौके से फरार हो गया। ग्रामीणों के मुताबिक, दोनों पक्षों के बीच रेत खदान के संचालन को लेकर भी लंबे समय से विवाद चल रहा था, जिससे तनाव लगातार बढ़ रहा था। पुलिस ने मामला दर्ज कर शुरू की जांच सीहोर थाना पुलिस ने इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 296(ए), 125, 351(3) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


