नोएडा में छत पर सो रहे परिवार पर धारदार हमला:महिला की मौत, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

नोएडा में छत पर सो रहे परिवार पर धारदार हमला:महिला की मौत, पुलिस आरोपी की तलाश में जुटी

नोएडा के थाना फेस-1 क्षेत्र के सेक्टर-5 में शनिवार देर रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई। किराये के मकान की छत पर सो रहे पति-पत्नी और उनकी दो बेटियां घायल हो गईं। उपचार के दौरान पत्नी की मौत हो गई, जबकि अन्य घायलों की हालत स्थिर बताई जा रही है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, बीती रात सुरेंद्र शर्मा अपने परिवार के साथ सेक्टर-5 स्थित किराये के मकान की छत पर सो रहे थे। उनके साथ पत्नी संजू देवी और दो बेटियां भी मौजूद थीं। इसी दौरान एक अज्ञात व्यक्ति ने सोते समय परिवार पर धारदार हथियार से हमला कर दिया। इस हमले में सुरेंद्र शर्मा, उनकी पत्नी संजू देवी और दोनों बेटियां गंभीर रूप से घायल हो गईं। सभी को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, जहां इलाज के दौरान संजू देवी ने दम तोड़ दिया। अन्य तीनों घायलों का इलाज चल रहा है और उनकी स्थिति स्थिर बताई गई है। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के बड़े अधिकारी और फॉरेंसिक टीम मौके पर पहुंच गई और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने मृतक महिला के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस ने बताया कि शुरुआती जांच में परिवार के पास ही किराये पर रहने वाले एक व्यक्ति का नाम सामने आ रहा है। पुलिस घटना के कारणों की जांच कर रही है और संदिग्ध की गिरफ्तारी के लिए कई टीमों का गठन किया है। पुलिस का कहना है कि मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *