वाराणसी एयरपोर्ट पर 22 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त:बैंकॉक से आए दो तस्कर गिरफ्तार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से पहुंचे

वाराणसी एयरपोर्ट पर 22 करोड़ का हाइड्रोपोनिक गांजा जब्त:बैंकॉक से आए दो तस्कर गिरफ्तार, एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट से पहुंचे

वाराणसी के लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट पर शनिवार को डीआरआई और कस्टम विभाग की संयुक्त टीम ने मादक पदार्थ तस्करी के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की। इस दौरान दो संदिग्ध तस्करों को गिरफ्तार किया गया। अधिकारियों के अनुसार, गिरफ्तार किए गए दोनों यात्रियों के पास से लगभग 20 किलोग्राम हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद हुआ है। अंतरराष्ट्रीय बाजार में इसकी अनुमानित कीमत 22 करोड़ रुपये बताई जा रही है। यह कार्रवाई तब हुई जब एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट IX-215 से बैंकॉक से शनिवार शाम करीब 5 बजे वाराणसी पहुंचे यात्रियों के सामान की जांच की जा रही थी। इस दौरान टीम को दो यात्रियों के बैग में संदेह हुआ। गहन तलाशी लेने पर उनके बैग से बड़ी मात्रा में प्रतिबंधित हाइड्रोपोनिक गांजा बरामद किया गया। पकड़े गए आरोपियों की पहचान शहनाज और यूसुफ के रूप में हुई है। ये दोनों मध्य प्रदेश के उज्जैन के निवासी बताए जा रहे हैं। प्रारंभिक पूछताछ में पता चला है कि दोनों वाराणसी में किसी व्यक्ति को गांजे की यह खेप सौंपने के बाद मुंबई जाने की योजना बना रहे थे। अधिकारियों ने बताया कि हाइड्रोपोनिक गांजा सामान्य गांजे की तुलना में कई गुना अधिक महंगा और नशीला होता है। इसकी तस्करी अक्सर अंतरराष्ट्रीय नेटवर्क के माध्यम से की जाती है। फिलहाल, दोनों आरोपियों को हिरासत में लेकर आगे की पूछताछ की जा रही है। एजेंसियां यह पता लगाने में जुटी हैं कि वाराणसी में यह खेप किसे पहुंचाई जानी थी और इस तस्करी के पीछे कौन सा गिरोह सक्रिय है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *