कानपुर के रावतपुर थाना क्षेत्र में बीच सड़क तलवार से केक काटकर जन्मदिन मनाने का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो गया। वीडियो सामने आते ही पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मामले को गंभीरता से लेते हुए रावतपुर पुलिस ने देर रात कार्रवाई कर पांच युवकों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपितों के कब्जे से इस्तेमाल की गई तलवार भी बरामद कर ली है। पहले तलवार से केक काटा फिर सोशल मीडिया वायरल किया जानकारी के मुताबिक वायरल वीडियो में कुछ युवक बाइक के पास खड़े होकर खुलेआम तलवार से केक काटते दिखाई दे रहे थे। वीडियो में युवकों का अंदाज ऐसा था मानो उन्हें कानून का कोई डर न हो। सोशल मीडिया पर वीडियो वायरल होने के बाद स्थानीय लोगों ने भी इस पर नाराजगी जताई और पुलिस से कार्रवाई की मांग की। मामला उच्च अधिकारियों तक पहुंचते ही रावतपुर थाना पुलिस सक्रिय हो गई और वीडियो की जांच शुरू कर दी गई। जांच के दौरान पुलिस ने वीडियो में दिखाई दे रहे युवकों की पहचान कर उन्हें देर रात गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए युवकों की पहचान कल्याणपुर निवासी निरंजन यादव तथा मसवानपुर निवासी मयंक पासवान, अमन वर्मा, अभिषेक वर्मा और अंकित पासवान के रूप में हुई है। पूछताछ में आरोपियो ने बताया कि 21 मई की देर रात अंकित पासवान का जन्मदिन था। जन्मदिन मनाने के लिए सभी दोस्त मसवानपुर चौराहे के पास एकत्र हुए थे। इसी दौरान उन्होंने बाइक पर केक रखकर तलवार से केक काटा और उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर डाल दिया। पुलिस अधिकारियों के अनुसार सार्वजनिक स्थान पर हथियार का प्रदर्शन कर माहौल खराब करने और सोशल मीडिया पर गलत संदेश फैलाने के मामले में आरोपितों के खिलाफ कार्रवाई की जा रही है। बोले थाना प्रभारी रावतपुर थाना प्रभारी कमलेश राय ने बताया कि वायरल वीडियो का संज्ञान लेते हुए पांच युवकों को गिरफ्तार किया गया है। उनसे पूछताछ की जा रही है और मामले में विधिक कार्रवाई की जा रही है। उन्होंने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर इस तरह हथियारों का प्रदर्शन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई जारी रहेगी।


