चिलचिलाती धूप में खाकी को मिली ‘अमृत छांव’:एसपी सिटी की पहल पर ड्यूटी प्वाइंट और प्रमुख चौराहों पर छाए की व्यवस्था

चिलचिलाती धूप में खाकी को मिली ‘अमृत छांव’:एसपी सिटी की पहल पर ड्यूटी प्वाइंट और प्रमुख चौराहों पर छाए की व्यवस्था

मुज़फ़्फ़रनगर। भीषण गर्मी और तेज धूप के बीच सड़क पर घंटों ड्यूटी करने वाले पुलिसकर्मियों और आम राहगीरों को राहत देने के लिए पुलिस प्रशासन ने एक मानवीय पहल की है। SP सिटी अमृत जैन के निर्देश पर नगर के प्रमुख चौराहों, ट्रैफिक प्वाइंट और पुलिस चेकिंग स्थलों पर विशेष शेड लगवाए गए हैं। नगर पालिका के सहयोग से शुरू की गई इस व्यवस्था का उद्देश्य तेज धूप में ड्यूटी कर रहे पुलिस जवानों को राहत पहुंचाना और राहगीरों को भी छाया उपलब्ध कराना है। पिछले कई दिनों से पड़ रही भीषण गर्मी के बीच पुलिसकर्मी लगातार ट्रैफिक व्यवस्था, सुरक्षा ड्यूटी और चेकिंग अभियान में सड़क पर तैनात हैं। ऐसे में यह पहल उनके लिए बड़ी राहत मानी जा रही है। शहर के महावीर चौक, रोडवेज बस स्टैंड, अहिल्याबाई चौक, मीनाक्षी चौक, अस्पताल तिराहा, एसडी मार्केट, एसडी तिराहा, नॉवेल्टी चौक, प्रकाश चौक और राणा चौक समेत कई प्रमुख स्थानों पर शेड लगाए गए हैं। इसके अलावा बिलासपुर कट, गांधी कॉलोनी चौराहा, विश्वकर्मा चौक, टिकैत चौक, अलमासपुर चौराहा और भोपा अंडरपास जैसे पुलिस चेकिंग प्वाइंट भी इस व्यवस्था में शामिल किए गए हैं। पुलिस विभाग की इस पहल की स्थानीय लोगों और पुलिस जवानों द्वारा सराहना की जा रही है। लोगों का कहना है कि भीषण गर्मी के दौर में इस तरह की व्यवस्था से सड़क पर ड्यूटी कर रहे कर्मियों को काफी राहत मिलेगी।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *