Cancer Resistant Organ: शरीर में दिल वो अंग है जिसे सबसे कम होता है कैंसर, फिर भी हर साल 1.79 करोड़ लोगों की मौत, कार्डियोलॉजिस्ट ने बताई वजह

Cancer Resistant Organ: शरीर में दिल वो अंग है जिसे सबसे कम होता है कैंसर, फिर भी हर साल 1.79 करोड़ लोगों की मौत, कार्डियोलॉजिस्ट ने बताई वजह

Why Heart Cancer Is Rare: कैंसर का नाम सुनते ही ज्यादातर लोगों के मन में डर बैठ जाता है। फेफड़े, स्तन, पेट, लिवर और प्रोस्टेट कैंसर जैसे मामलों के बारे में हम अक्सर सुनते हैं। लेकिन क्या आप जानते हैं कि शरीर में एक ऐसा अंग भी है, जिसमें कैंसर होना बेहद दुर्लभ माना जाता है? वह अंग है दिल यानी हृदय।

हृदय विफलता और हृदय प्रत्यारोपण विशेषज्ञ डॉ. दिमित्री यारानोव के मुताबिक, हृदय शरीर के उन अंगों में शामिल है जहां कैंसर बहुत कम होता है। उन्होंने बताया कि कई हृदय रोग विशेषज्ञ अपने पूरे करियर में हृदय कैंसर का एक भी असली मामला नहीं देख पाते।

आखिर हृदय में कैंसर कम क्यों होता है?

डॉ. यारानोव के अनुसार, इसकी सबसे बड़ी वजह यह है कि हृदय की मांसपेशियों की कोशिकाएं बचपन के बाद बहुत कम विभाजित होती हैं। आसान भाषा में समझें तो शरीर में जहां कोशिकाएं ज्यादा बनती और टूटती हैं, वहां बदलाव की संभावना भी ज्यादा होती है। यही बदलाव आगे चलकर कैंसर का कारण बन सकते हैं। लेकिन हृदय की कोशिकाएं बहुत कम बदलती हैं, इसलिए वहां कैंसर बनने की संभावना भी कम रहती है।

उन्होंने बताया कि हृदय लगातार काम करने वाला अंग है। यह हर समय धड़कता रहता है और अधिक ऊर्जा वाले वातावरण में काम करता है। यह माहौल ट्यूमर बढ़ने के लिए अनुकूल नहीं माना जाता। यही वजह है कि फेफड़ों का कैंसर, स्तन कैंसर, आंत का कैंसर और प्रोस्टेट कैंसर जैसे मामले हृदय कैंसर की तुलना में कहीं ज्यादा देखने को मिलते हैं।

लेकिन क्या हृदय पूरी तरह सुरक्षित है?

डॉ. यारानोव कहते हैं कि इसका मतलब यह बिल्कुल नहीं कि हृदय को कोई खतरा नहीं होता। हृदय भले ही कैंसर से काफी हद तक बचा रहता हो, लेकिन हमारी खराब जीवनशैली उसे दूसरी गंभीर बीमारियों की तरफ धकेल सकती है। धूम्रपान, मोटापा, खराब खानपान, शारीरिक गतिविधि की कमी और शरीर में लगातार सूजन जैसी आदतें कैंसर और हृदय रोग दोनों का खतरा बढ़ाती हैं।

कैंसर और हृदय रोग से कितनी मौतें?

विश्व स्वास्थ्य संगठन (WHO) के मुताबिक हर साल दुनियाभर में करीब 1 करोड़ लोगों की मौत कैंसर से होती है। वहीं WHO की दूसरी रिपोर्ट के मुताबिक हृदय और रक्त वाहिकाओं से जुड़ी बीमारियां हर साल लगभग 1.79 करोड़ लोगों की जान लेती हैं। भारत में भी हृदय रोग तेजी से बढ़ रहे हैं। विशेषज्ञों के अनुसार कम उम्र में दिल का दौरा और उच्च रक्तचाप के मामले अब ज्यादा सामने आ रहे हैं।

हृदय और कैंसर दोनों से बचने के लिए क्या करें?

डॉक्टरों का कहना है कि कुछ आसान आदतें अपनाकर दोनों बीमारियों का खतरा कम किया जा सकता है। जैसे-

  • धूम्रपान और तंबाकू से दूरी
  • रोजाना व्यायाम
  • संतुलित और पौष्टिक भोजन
  • वजन नियंत्रण में रखना
  • पर्याप्त नींद और तनाव कम करना

हृदय को स्वस्थ रखने और कैंसर का खतरा कम करने का रास्ता लगभग एक जैसा ही है- बेहतर जीवनशैली।

डिस्क्लेमरः इस लेख में दी गई जानकारी का उद्देश्य केवल रोगों और स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं के प्रति जागरूकता लाना है। यह क्वालीफाइड मेडिकल ऑपिनियन का विकल्प है। लेकिन पाठकों को सलाह दी जाती है कि वह कोई भी दवा, उपचार या नुस्खे को अपनी मर्जी से ना आजमाएं बल्कि इस बारे में उस चिकित्सा पैथी से संबंधित एक्सपर्ट या डॉक्टर की सलाह जरूर ले लें।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *