कैलिफोर्निया में हुआ केमिकल लीक, 40,000 लोगों को घर छोड़ने के निर्देश

कैलिफोर्निया में हुआ केमिकल लीक, 40,000 लोगों को घर छोड़ने के निर्देश

अमेरिका (United States of America) के कैलिफोर्निया (California) के ऑरेंज काउंटी (Orange County) में एक बड़े केमिकल लीक (Chemical Leak) की घटना की वजह से पूरे इलाके में लोगों की टेंशन बढ़ गई है। शुक्रवार को गार्डन ग्रोव (Garden Grove) स्थित जीकेएन एयरोस्पेस कंपनी के प्लांट में एक स्टोरेज टैंक से मिथाइल मेथाक्राइलेट नाम का खतरनाक केमिकल लीक होने लगा। इस केमिकल का इस्तेमाल प्लास्टिक पार्ट्स और रेजिन बनाने में होता है, लेकिन यह बेहद ही ज्वलनशील, विषैला और वाष्पशील होता है।

40,000 लोगों को घर छोड़ने के निर्देश

केमिकल लीक की इस घटना के बाद करीब 40,000 लोगों को घर छोड़कर सुरक्षित स्थानों पर जाने के निर्देश दिए गए हैं। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए यह फैसला लिया गया।

टैंक के फटने का खतरा

प्लांट में 34,000 गैलन क्षमता वाले टैंक में ओवरहीटिंग होने के बाद उससे खतरनाक गैस निकलने लगी। शुरू में अधिकारियों ने स्थिति को नियंत्रित करने की कोशिश की, लेकिन शुक्रवार तक स्थिति और बिगड़ गई। एक वॉल्व खराब हो गया। इस वजह से टैंक या तो फट सकता है या फटने का खतरा पैदा हो सकता है।

खतरे का दायरा बढ़ा

पहले खतरा सिर्फ गार्डन ग्रोव तक सीमित था, लेकिन बाद में स्टैंटन, वेस्टमिंस्टर, साइप्रस, एनाहेम और ब्यूना पार्क शहरों तक खतरा बढ़ गया। ऐसे में स्कूल बंद कर दिए गए और कई इलाकों में सड़कें सील कर दी गईं। लोगों को जल्द से जल्द सुरक्षित स्थानों पर पहुंचने की सलाह दी गई। अभी तक किसी की मौत या किसी को चोट लगने की खबर नहीं है, लेकिन हवा की गुणवत्ता की लगातार निगरानी की जा रही है।

अगर टैंक फटा तो क्या होगा?

केमिकल लीक होने के बाद अधिकारियों ने रेत की दीवारें बनाकर केमिकल को स्टॉर्म ड्रेन और नदियों में जाने से रोका है। अगर टैंक फटता है तो करीब 6,000-7,000 गैलन केमिकल फैल सकता है, जो पर्यावरण के लिए बेहद ही घातक होगा। अगर टैंक में विस्फोट हुआ, तो स्थिति और भी बिगड़ सकती है, क्योंकि इससे आसपास के अन्य टैंकों को भी खतरा हो सकता है। इसके साथ ही इलाके की हवा भी बेहद प्रदूषित हो सकती है, जिससे लोगों को सांस लेने में परेशानी, आंखों में जलन और त्वचा संबंधी परेशानी हो सकती हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *