अयोध्या जिले में बढ़ती गर्मी और उमस ने जनजीवन को बेहाल कर दिया है। सुबह से ही तेज उमस और चिलचिलाती गर्मी शुरू हो जाती है, वहीं रात में हो रही ताबड़तोड़ बिजली कटौती ने उपभोक्ताओं की मुश्किलें और बढ़ा दी हैं। शहर से लेकर ग्रामीण क्षेत्रों तक विद्युत व्यवस्था लगातार चरमराती नजर आ रही है।तुरश्मपुर, अमानीगंज, कुमारगंज, मिल्कीपुर और हैरिंग्टनगंज जैसे क्षेत्रों में लगातार ब्रेकडाउन, केबल जलने, तार टूटने और मरम्मत कार्यों के कारण घंटों बिजली आपूर्ति बाधित रहती है। अधिक लोड बढ़ने से ट्रांसफार्मरों में भी फाल्ट आने लगे हैं। कई स्थानों पर फ्यूज बॉक्स उड़ने से आपूर्ति ठप हो जाती है। विद्युत कर्मचारी देर रात तक लाइनों को ठीक करने में जुटे रहते हैं, जिसके बाद ही आपूर्ति बहाल हो पाती है।उपभोक्ताओं का कहना है कि रातभर में मुश्किल से तीन से चार घंटे ही बिजली मिल पा रही है। उमस भरी गर्मी में छोटे बच्चे, बुजुर्ग और मरीज सबसे ज्यादा परेशान हैं। लोगों का आरोप है कि बिजली की इस आंख-मिचौली से उनकी दिनचर्या पूरी तरह प्रभावित हो गई है। दूसरी ओर, किसान भी गंभीर चिंता में हैं। लगातार बढ़ते तापमान और बिजली संकट के कारण धान की नर्सरी प्रभावित होने लगी है। किसानों का कहना है कि अधिक गर्मी में नर्सरी का सही विकास नहीं हो पा रहा है, जिससे फसल खराब होने का खतरा बढ़ गया है। गन्ने की फसल पर भी इसका असर दिखाई देने लगा है। किसान राम सजीवन, रामकृपाल, ओमप्रकाश, वेदप्रकाश तिवारी, नीलमणि, राम मनोरथ, दिनेश कुमार और तुलसीराम ने बताया कि सरकार ने सिंचाई का बिल भले ही माफ कर दिया हो, लेकिन बिजली आपूर्ति न होने से खेतों की सिंचाई संभव नहीं हो पा रही है। डीजल महंगा होने और पेट्रोल पंपों पर समय से उपलब्ध न होने से किसानों की मुश्किलें और बढ़ गई हैं।इस संबंध में उपखंड अधिकारियों का कहना है कि जहां भी विद्युत संबंधी शिकायतें मिल रही हैं, उन्हें तत्काल ठीक कराया जा रहा है।


