अंबेडकरनगर के जंहागीरगंज थाना क्षेत्र में शुक्तवार देर रात पुलिस और बदमाशों के बीच मुठभेड़ हो गई। इस दौरान एक इनामी बदमाश के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया, जिसे पुलिस ने गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया है। अपर पुलिस अधीक्षक पूर्वी डॉ. तेजबीर ने बताया कि यह घटना 22/23 मई 2026 की देर रात लगभग 12:30 बजे हुई। जंहागीरगंज पुलिस टीम और स्वाट टीम तिलकटांडा के पास संयुक्त रूप से वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान बाइक पर सवार दो संदिग्ध व्यक्तियों को पुलिस ने रुकने का इशारा किया। पुलिस के रोकने पर संदिग्धों ने टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी आत्मरक्षा में गोली चलाई, जिससे एक बदमाश के पैर में गोली लगी और वह घायल हो गया। पूछताछ में घायल बदमाश की पहचान अशोक के रूप में हुई। अशोक आलापुर थाने से गैंगस्टर के एक मामले में वांछित था और उस पर 25,000 रुपये का इनाम घोषित था। पुलिस ने घायल अशोक को तुरंत गिरफ्तार कर उपचार के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र (सीएचसी) जंहागीरगंज पहुंचाया। पुलिस ने कॉम्बिंग के दौरान अशोक के एक और साथी को भी गिरफ्तार किया है। घटनास्थल से एक बिना नंबर की बाइक, एक अवैध तमंचा, खोखा कारतूस और जिंदा कारतूस बरामद किए गए हैं। गिरफ्तार किए गए अभियुक्तों के खिलाफ जंहागीरगंज थाने में कानूनी कार्रवाई की जा रही है।


