पुलिस भर्ती परीक्षा का तीसरा दिन आज:दो दिन में 10,359 अभ्यर्थी अनुपस्थित, सहारनपुर में केंद्रों पर कड़ी निगरानी

पुलिस भर्ती परीक्षा का तीसरा दिन आज:दो दिन में 10,359 अभ्यर्थी अनुपस्थित, सहारनपुर में केंद्रों पर कड़ी निगरानी

उत्तर प्रदेश पुलिस में आरक्षी नागरिक पुलिस एवं समकक्ष पदों पर सीधी भर्ती-2025 की लिखित परीक्षा का आज तीसरा और अंतिम दिन है। सहारनपुर के 29 परीक्षा केंद्रों पर दो पालियों में यह परीक्षा आयोजित की जा रही है। पिछले दो दिनों में चार पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हो चुकी है, जिसमें कुल 10,359 अभ्यर्थी अनुपस्थित रहे। अब तक कुल 51,456 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 41,097 ने परीक्षा दी है। इस पुलिस भर्ती परीक्षा को लेकर पिछले दो दिनों से जिले में अभ्यर्थियों की भारी भीड़ देखी जा रही है।दूर-दराज के जिलों से आए कई अभ्यर्थी परीक्षा से एक दिन पहले ही सहारनपुर पहुंच गए थे। रेलवे स्टेशन,रोडवेज बस स्टैंड और शहर की प्रमुख सड़कों के किनारे बड़ी संख्या में युवाओं को रात गुजारते देखा गया। कई अभ्यर्थियों ने सुबह समय पर परीक्षा केंद्र पहुंचने के लिए स्टेशन परिसर और प्लेटफॉर्म पर ही रात बिताई। परीक्षा को नकलविहीन और पारदर्शी बनाने के लिए प्रशासन ने कड़े इंतजाम किए हैं। सभी केंद्रों पर सीसीटीवी निगरानी,बायोमेट्रिक सत्यापन और डिजिटल वेरिफिकेशन के बाद ही अभ्यर्थियों को प्रवेश दिया जा रहा है। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारी लगातार परीक्षा केंद्रों का निरीक्षण कर रहे हैं ताकि किसी भी प्रकार की अनियमितता को रोका जा सके। आंकड़ों के अनुसार,8 जून को पहले दिन दोनों पालियों में कुल 25,728 अभ्यर्थी पंजीकृत थे,जिनमें से 20,362 ने परीक्षा दी और 5,366 अनुपस्थित रहे। पहले दिन औसत उपस्थिति 79.15 प्रतिशत दर्ज की गई। वहीं, 9 जून को दूसरे दिन दोनों पालियों में 25,728 पंजीकृत अभ्यर्थियों में से 20,735 ने परीक्षा दी, जबकि 4,993 अभ्यर्थी गैरहाजिर रहे। दूसरे दिन उपस्थिति बढ़कर 80.59 प्रतिशत हो गई, जो पहले दिन की तुलना में अधिक थी। चार पालियों के संयुक्त आंकड़ों पर गौर करें तो अब तक कुल 51,456 अभ्यर्थियों में से 41,097 अभ्यर्थी परीक्षा में शामिल हुए हैं। कुल उपस्थिति 79.87 प्रतिशत और अनुपस्थिति 20.13 प्रतिशत रही है, जिसका अर्थ है कि लगभग हर पांच में से एक अभ्यर्थी परीक्षा देने नहीं पहुंचा।प्रशासन का दावा है कि अब तक सभी पालियों की परीक्षा शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से संपन्न हुई है।तीसरे दिन भी सुरक्षा और निगरानी के वही पुख्ता इंतजाम जारी रहेंगे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *