35,000 में बताते थे गर्भ में लड़की या लड़का; राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर भ्रूण लिंग जांच रैकेट पकड़ा

35,000 में बताते थे गर्भ में लड़की या लड़का; राजस्थान-हरियाणा बॉर्डर पर भ्रूण लिंग जांच रैकेट पकड़ा

Illegal Pregnancy Gender Test: अवैध भ्रूण लिंग जांच करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का झुंझुनूं पुलिस ने पर्दाफाश किया है। हरियाणा के नारनौल में सीपीएनडीटी टीम ने बड़ी कार्रवाई करते हुए भ्रूण लिंग जांच करने वाले अंतरराज्यीय गिरोह का भंडाफोड़ किया है। डिकॉय ऑपरेशन के दौरान झुंझुनूं जिले के एक आरोपी को गिरफ्तार किया गया, जबकि गिरोह से जुड़े 3 अन्य आरोपियों की तलाश जारी है।

गिरोह हरियाणा-राजस्थान सीमा क्षेत्र में अवैध रूप से भ्रूण लिंग जांच कर गर्भ में पल रहे बच्चे का लिंग बताने का काम कर रहा था। पीसीपीएनडीटी टीम नारनौल के अनुसार राजस्थान के कुछ लोग हरियाणा के सीमावर्ती गांवों में सक्रिय होकर भ्रूण लिंग जांच कर रहे हैं। सूचना के आधार पर एक गर्भवती महिला तथा केयरटेकर को टीम में शामिल कर कार्रवाई की गई।

35 हजार रुपए में तय हुआ सौदा

केयरटेकर विकास ने मोबाइल फोन से बड़बर निवासी शीशराम से संपर्क किया। बातचीत के दौरान 35 हजार रुपए में भ्रूण लिंग जांच कराने का सौदा तय हुआ। आरोपी ने डिकॉय टीम को शाम करीब साढ़े सात बजे गांव गोद के पास फ्लाईओवर के नीचे बुलाया। वहां मोटरसाइकिल पर पहुंचे एक व्यक्ति धंतर ने गर्भवती महिला से 35 हजार रुपए नकद लिए और उसे मोटरसाइकिल पर बैठाकर बुहाना होते हुए सिरसला मार्ग से भैंसावता कलां की ओर ले गया। इस दौरान रेड टीम पीछा करती रही, लेकिन अंधेरा और अधिक यातायात होने के कारण आरोपी नजरों से ओझल हो गए।

मुर्गीफार्म में अल्ट्रासाउंड मशीन से की जांच

डिकॉय महिला ने टीम को बताया कि उसे एक सुनसान स्थान पर स्थित मुर्गीफार्म में ले जाया गया, जहां पहले से दो व्यक्ति मौजूद थे। बातचीत में उनके नाम रवि और अंतर बताए गए, जो क्रमश: भैंसावता कलां और पिचानवा निवासी बताए गए हैं। महिला के अनुसार वहां एक कमरे में मशीन और अन्य उपकरणों की सहायता से अल्ट्रासाउंड जांच की गई। जांच के बाद आरोपियों ने बताया कि गर्भ में पल रहा भ्रूण लड़की है। महिला के अनुसार जांच के बाद धंतर ने 35 हजार रुपए कथित डॉक्टर रवि को सौंप दिए। बाद में आरोपियों ने आपस में राशि बांट ली और महिला को वापस गांव गोद फ्लाईओवर के पास छोड़ दिया।

लौटते समय आरोपी दबोचा

रेड टीम ने पहले से जाल बिछा रखा था, रात करीब 11 बजे जैसे ही धंतर महिला को वापस छोड़ने पहुंचा, टीम ने उसे दबोच लिया। आरोपी की पहचान धंतर पुत्र बनवारीलाल निवासी कलगांव, बुहाना के रूप में हुई। टीम ने उसके कब्जे से मोटरसाइकिल, मोबाइल फोन और 1500 रुपए की चिन्हित राशि बरामद की। इसके बाद आरोपी को सदर थाना नारनौल पुलिस के हवाले कर दिया गया। कार्रवाई के दौरान डिकॉय मरीज के बयान, कॉल डिटेल रिकॉर्ड, नकद राशि, मोबाइल फोन, वाहन और अन्य दस्तावेज जब्त किए गए।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *