पूर्वांचल के सांसद-विधायक-पूर्वमंत्री समेत प्रमुख नेताओं से मिले अखिलेश:वाराणसी-चंदौली में सक्रिय कार्यकर्ताओं की टटोली नब्ज, 2027 के चुनावी मुद्दे भी उठे

पूर्वांचल के सांसद-विधायक-पूर्वमंत्री समेत प्रमुख नेताओं से मिले अखिलेश:वाराणसी-चंदौली में सक्रिय कार्यकर्ताओं की टटोली नब्ज, 2027 के चुनावी मुद्दे भी उठे

समाजवादी पार्टी के लखनऊ कार्यालय में राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने शुक्रवार को वाराणसी और चंदौली संसदीय क्षेत्र के सपा नेताओं से संवाद किया। पूर्व सीएम पार्टी कार्यालय में सांसद, पूर्व सांसद, पूर्व मंत्री, पूर्व विधायक समेत तमाम सक्रिय नेताओं से रूबरू हुए। सपा कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बीच अखिलेश यादव ने दोनों जिलों के प्रमुख मुद्दों पर चर्चा की। शहर और देहात में चल रही प्रमुख समस्याओं को भी बिंदुवार पूछा। इसके साथ ही जनता के बीच जनप्रतिनिधियों के साथ-साथ सपा नेताओं की सक्रियता भी जानी। सपा सांसद वीरेंद्र सिंह ने पीएम के जिले में दालमंडी में बुलडोजर एक्शन, काशी विश्वनाथ मंदिर की अव्यवस्थाएं, बिजली की अघोषित कटौती और किसानों की दुश्वारियों को रखा। पूर्व मंत्री मनोज राय धूपचंडी ने गंगा में प्रदूषण, गिरते नालों समेत डबल इंजन की सरकार की खामियां गिनाई। शुक्रवार को सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने वाराणसी के कार्यकर्ताओं से जनता के बीच रहकर भाजपा की खामियां और सपा सरकारी की खूबियां गिनाने का मंत्र दिया। बताया कि जब हम सक्रिय रहेंगे तो हर मोर्चे पर जवाब दे सकेंगे, अफसरों की मनमानी का विरोध कर सकेंगे। पूर्व सीएम ने कहा कि 2027 विधानसभा का चुनाव यूपी की जनता के भविष्य का चुनाव है। चुनाव में भाजपा को दो दशक का हिसाब देना होगा, जनता की ताकत भाजपा का सफाया कर देगी। जनता भाजपा से बहुत नाराज है। पूरा पीडीए समाजवादी पार्टी के साथ है। समाजवादी पार्टी विकास की राजनीति में सबको साथ लेकर चलती है। लोकतंत्र को मजबूती देती है। समाजवादी पार्टी सामाजिक न्याय के साथ है। भाजपा सामाजिक न्याय विरोधी है। भाजपा आरक्षण की लूट कर रही है। पीडीए का हक खा रही है। पीडीए समाज की संख्या और जनाधार की तुलना में भाजपा की स्थिति शून्य है। तस्वीरों में देखिए सपा कार्यालय में पूर्वांचल के नेताओं की मौजूदगी संविधान, लोकतंत्र और आरक्षण बचाने के लिए भाजपा को सत्ता से हटाने को उत्तर प्रदेश की जनता 2027 चुनाव का इंतजार कर रही है। जबकि भाजपा की सरकार के दो कार्यकाल बिना किसी उपलब्धि के समाप्ति की ओर है। भाजपा सरकार ने भ्रष्टाचार का रिकॉर्ड बना दिया है, किसानों की फसलों की लूट मची है। नौजवानों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हो रहा है। भाजपा राज में महिलाएं उपेक्षित और अपमानित हैं। शिक्षा, स्वास्थ्य, कानून-व्यवस्था की स्थिति खराब है। सरकार ने प्राइमरी स्कूलों की दुर्दशा कर दी है। लगभग 70 हजार स्कूल बंद कर दिए। हजारों स्कूलों में एडमिशन न्यूनतम है। अस्पतालों में मरीजों को दवा-इलाज नहीं मिल रहा है। मरीज मारे-मारे फिर रहे हैं। गरीबों और सरकारी जमीनों पर कब्जा हो रहे हैं और सत्तादल के लोग भूमाफिया बन गए हैं। इन प्रमुख नेताओं की रही मौजूदगी सपा सांसद वीरेंद्र सिंह, सांसद छोटेलाल खरवार विधायक प्रभूनारायण सिंह, एमएलसी आशुतोष सिन्हा, पूर्व विधायक मनोज सिंह डबलू, पूर्व मंत्री और प्रवक्ता मनोज राय धूपचंडी, पूर्व सांसद रामकिशुन यादव, पूर्व मेयर प्रत्याशी ओपी सिंह, व्यापार सभा के प्रदीप जायसवाल, पूर्व मंत्री रीबू श्रीवास्तव, राजू यादव, संजय मिश्रा, असफाक अहमद डब्ल्यू, पूजा यादव, बिरहा गायक विजय लाल यादव, केडी यादव समेत कई नेता शामिल रहे।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *