लंबे समय से गोरखपुर में तैनात PCS अधिकारी दुर्गेश मिश्रा एक बार फिर वापस गोरखपुर आ गए हैं। उनकी तैनाती फिर से नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर की गई है। इसी पद से वह दो बार स्थानांतरित हो चुके हैं और दोनों बार उन्हें एक सप्ताह के भीतर वापस आना पड़ा। दुर्गेश मिश्रा का लगभग एक साल पहले मुरादाबाद में ADM FR के पद पर ट्रांसफर हुआ था लेकिन यहां से उन्हें रिलीव नहीं किया गया था। लगभग एक सप्ताह के भीतर ही उनका ट्रांसफर निरस्त कर दिया गया। जिले में 3 साल से अधिक समय से होने के कारण इस बार फिर उनका ट्रांसफर वाराणसी नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर किया गया था। यह ट्रांसफर 14 मई को हुआ था और इसी सप्ताह उन्होंने वहां कार्यभार संभाला था। इसी बीच शुक्रवार, 22 मई की रात PCS अफसरों के ट्रांसफर की एक और सूची आ गई। इस सूची में दुर्गेश को स्थानांतरित करते हुए वाराणसी नगर निगम से गोरखपुर नगर निगम का अपर नगर आयुक्त बना दिया गया है। कार्यभार संभालते हुए सीमा पांडेय का ट्रांसफर
देवरिया में एसडीएम रहीं सीमा पांडेय का दुर्गेश मिश्रा की जगह गोरखपुर नगर निगम में अपर नगर आयुक्त के पद पर ट्रांसफर हुआ था। उन्होंने शुक्रवार को कार्यभार संभाला और अधीनस्थ अधिकारियों व कर्मचारियों के साथ बैठक की। लेकिन रात में ही उनके ट्रांसफर में संशोधन आ गया। अब उन्हें दुर्गेश मिश्रा की ही जगह नगर निगम वाराणसी में अपर नगर आयुक्त बनाकर भेजा गया है। वर्षा काल के कारण तो नहीं हुआ ट्रांसफर
दुर्गेश मिश्रा का एक बार फिर गोरखपुर में ट्रांसफर होने के बाद तरह-तरह की चर्चा शुरू हो गई है। नगर निगम में इस समय नगर आयुक्त सहित कोई ऐसा अधिकारी नहीं है, जिसने पिछले साल का वर्षाकाल गोरखपुर में बिताया हो। दुर्गेश मिश्रा के ट्रांसफर के बाद इस साल जलभराव की समस्या से निपटने के लिए सभी अधिकारी नए थे। ऐसे में चर्चा है कि वर्षा काल में जलभराव की समस्या से पुराने अनुभवों के आधार पर निपटा जा सके, इसलिए दुर्गेश मिश्रा को दोबारा गोरखपुर भेजा गया है। फिलहाल इस ट्रांसफर को लेकर लोगों में चर्चा शुरू हो गई है। दुर्गेश मिश्रा के साथ ही एक और अपर नगर आयुक्त गौरव रंजन श्रीवास्तव को भी गोरखपुर नगर निगम भेजा गया है।


