मऊ के सदर विधायक अब्बास अंसारी एक वायरल वीडियो को लेकर चर्चा में हैं। यह वीडियो इटौरा ग्राम सभा में आयोजित इंटरलॉकिंग सड़क के उद्घाटन और भूमि पूजन कार्यक्रम का है। इसमें विधायक अब्बास अंसारी को जूते पहनकर भूमि पूजन करते और नारियल तोड़ते हुए देखा जा सकता है। इस घटना को लेकर सोशल मीडिया पर हिंदू आस्था और धार्मिक परंपराओं के अपमान के आरोप लगाए जा रहे हैं। जानकारी के अनुसार, विधायक अब्बास अंसारी सुप्रीम कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद मऊ पहुंचे थे। उन्होंने जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक से मुलाकात की थी। 21 मई को वह समाजवादी पार्टी के जिला कोषाध्यक्ष रामधनी चौहान के निमंत्रण पर इटौरा गांव में विधायक निधि से कराए गए इंटरलॉकिंग कार्य के उद्घाटन कार्यक्रम में शामिल हुए। इसी अवसर पर उन्होंने एक अन्य प्रस्तावित विकास कार्य के भूमि पूजन में भी हिस्सा लिया। वीडियो में दिख रहा है कि भूमि पूजन के दौरान विधायक ने जूते नहीं उतारे। आरोप है कि उन्होंने नारियल फोड़ते समय हाथ जोड़कर प्रणाम भी नहीं किया। दक्षिणा भी अपने सहयोगियों के माध्यम से दिलवाने को लेकर लोगों ने नाराजगी व्यक्त की है।


