सिद्धार्थनगर में उत्तर प्रदेश पुलिस की लोटन थाना पुलिस ने चोरी के एक मामले का 24 घंटे के भीतर खुलासा करते हुए आरोपी बहू को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने उसके कब्जे से चोरी हुए सभी जेवरात शत-प्रतिशत बरामद करने का दावा किया है। लोटन थाना क्षेत्र के सिंगरहा गांव निवासी शांति देवी ने 21 मई 2026 को घर से जेवरात चोरी होने की शिकायत दर्ज कराई थी। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाध्यक्ष हरिओम कुशवाहा के निर्देशन में पुलिस टीम गठित कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस को घर के ही सदस्य पर शक हुआ। तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिर की सूचना के आधार पर शुक्रवार को लोटन-सोहास मार्ग स्थित धंधरा पुलिया के पास से आरोपी पूजा पत्नी विजय निवासी सिंगरहा को गिरफ्तार कर लिया गया। पुलिस के अनुसार पूछताछ के दौरान आरोपी की निशानदेही पर चोरी हुए सभी जेवर बरामद कर लिए गए। बरामद सामान में एक जोड़ी टप्स, मंगलसूत्र, दो तल्ला झुमका, नाक की कील, ब्रेसलेट, पायजेब, दो अंगूठियां और पांच जोड़ी जड़ीदार बिछुआ शामिल हैं। पुलिस ने आरोपी के खिलाफ आवश्यक कानूनी कार्रवाई पूरी कर उसे न्यायालय में पेश कर दिया है।


