बलरामपुर में स्वास्थ्य विभाग ने अवैध रूप से संचालित साबान अली मेडिकल क्लीनिक को सील कर दिया है। यह कार्रवाई शुक्रवार को श्रीदत्तगंज क्षेत्र के चवईखुर्द मोड़ पर की गई। जनपद में अवैध क्लीनिकों के खिलाफ अभियान जारी है। क्लीनिक पर कार्रवाई से पहले, सोशल मीडिया पर एक मरीज को ड्रिप चढ़ाते हुए एक वीडियो वायरल हुआ था, जिससे यह क्लीनिक संदेह के घेरे में आ गया था। इसके बाद गोण्डा निवासी असहद शरीफ ने मुख्य चिकित्सा अधिकारी से शिकायत कर आरोप लगाया कि साबान अली बिना वैध पंजीकरण के क्लीनिक चला रहा है। वैध दस्तावेज और पंजीकरण मांगा शिकायत को गंभीरता से लेते हुए मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी के निर्देश पर अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव के नेतृत्व में स्वास्थ्य विभाग की टीम ने छापेमारी की। टीम को मौके पर एक मेडिकल स्टोर संचालित मिला, जिसका संचालक साबान अली वहीं मौजूद था। जांच के दौरान, जब टीम ने क्लीनिक संचालन से संबंधित वैध दस्तावेज और पंजीकरण मांगा, तो संचालक साबान अली कोई प्रमाण प्रस्तुत नहीं कर सका। हालांकि मौके पर कोई मरीज नहीं मिला, लेकिन बिना पंजीकरण के चिकित्सकीय गतिविधियां संचालित होने की पुष्टि होने पर टीम ने तत्काल क्लीनिक को सील कर दिया। संचालक को एक सप्ताह के भीतर वैध कागजात प्रस्तुत करने के निर्देश भी दिए गए हैं। इस कार्रवाई के दौरान सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र श्रीदत्तगंज के अधीक्षक डॉ. आनंद प्रकाश त्रिपाठी, स्वास्थ्य शिक्षा अधिकारी विजय प्रताप सिंह और वार्ड बॉय प्रमोद कुमार यादव उपस्थित रहे। अपर मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संतोष कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि जनपद में बिना पंजीकरण या नियमों के विरुद्ध संचालित किसी भी मेडिकल क्लीनिक, अस्पताल या पैथोलॉजी सेंटर के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. मुकेश कुमार रस्तोगी ने सभी संचालकों को शासन के मानकों का कड़ाई से पालन करने की चेतावनी दी है।


