मथुरा में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न:मुस्लिम समाज ने दिया सौहार्द का संदेश, गाय कुर्बानी पर बयान

मथुरा में जुमे की नमाज शांतिपूर्ण संपन्न:मुस्लिम समाज ने दिया सौहार्द का संदेश, गाय कुर्बानी पर बयान

मथुरा में शुक्रवार को शाही ईदगाह सहित विभिन्न मस्जिदों में जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न हुई। प्रशासन पूरी तरह अलर्ट था और संवेदनशील क्षेत्रों में भारी पुलिस बल तैनात किया गया था। जिले में किसी अप्रिय घटना की सूचना नहीं मिली। नमाज के बाद मुस्लिम समाज के स्थानीय लोगों और प्रबुद्ध वर्ग ने आपसी भाईचारे और सामाजिक सौहार्द बनाए रखने की अपील की। इस दौरान गाय की कुर्बानी और भोजशाला विवाद जैसे समसामयिक मुद्दों पर भी मुस्लिम समाज की ओर से स्पष्ट प्रतिक्रिया सामने आई। हाल ही में दिए गए हुमायूं कबीर के बयान पर प्रतिक्रिया व्यक्त करते हुए समाज के प्रतिनिधियों ने कहा कि गाय की कुर्बानी पूरी तरह गलत है और इस्लाम इसकी इजाजत नहीं देता। वक्ताओं ने जोर दिया कि इस्लाम किसी भी धर्म या आस्था को ठेस पहुंचाने की शिक्षा नहीं देता। उन्होंने कहा कि हिंदू समाज में गाय को पूजनीय माना जाता है, इसलिए उसकी कुर्बानी जैसे मुद्दों को उछालकर माहौल खराब करने की कोशिश नहीं होनी चाहिए। मुस्लिम समाज के प्रतिनिधियों ने यह भी कहा कि कुछ लोग जानबूझकर भड़काऊ बयान देकर समाज में तनाव पैदा करना चाहते हैं। उन्होंने देश की गंगा-जमुनी तहजीब को बनाए रखने की जिम्मेदारी पर जोर दिया और लोगों से अफवाहों तथा भड़काऊ बातों से दूर रहने की अपील की। वहीं, भोजशाला विवाद को लेकर मुस्लिम समाज ने संतुलित प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि इस मामले में न्यायालय द्वारा जो भी आदेश दिया जाए, उसका सभी को सम्मान करना चाहिए। कानून और न्यायपालिका सर्वोपरि हैं, और अदालत के फैसले का पालन हर नागरिक का कर्तव्य है। प्रशासनिक अधिकारियों ने बताया कि जुमे की नमाज को देखते हुए सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए गए थे। पुलिस और प्रशासन की मुस्तैदी तथा स्थानीय लोगों के सहयोग से पूरा आयोजन शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न हुआ।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *