कासगंज में उत्तर प्रदेश के गन्ना विकास एवं चीनी मिलें मंत्री तथा जनपद के प्रभारी मंत्री लक्ष्मी नारायण चौधरी ने कलेक्ट्रेट सभागार में विकास कार्यक्रमों और कानून व्यवस्था की समीक्षा बैठक की। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। बैठक में कासगंज विधायक देवेंद्र सिंह राजपूत, अमांपुर विधायक हरिओम वर्मा, एमएलसी रजनीकांत माहेश्वरी, जिला पंचायत अध्यक्ष रत्नेश कश्यप और भाजपा जिलाध्यक्ष नीरज शर्मा उपस्थित रहे। जिलाधिकारी प्रणय सिंह, पुलिस अधीक्षक ओम प्रकाश सिंह, मुख्य विकास अधिकारी वीरेंद्र सिंह और अपर जिलाधिकारी दिग्विजय प्रताप सिंह भी मौजूद थे। मंत्री ने शासन की प्राथमिकता वाली योजनाओं, निर्माणाधीन परियोजनाओं, जनकल्याणकारी कार्यक्रमों और कानून व्यवस्था की स्थिति की विभागवार समीक्षा की। प्रभारी मंत्री ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शासन द्वारा संचालित सभी विकास योजनाओं को निर्धारित समय सीमा के भीतर गुणवत्ता के साथ पूरा किया जाए। उन्होंने जोर दिया कि जनता को योजनाओं का लाभ पारदर्शी और प्रभावी तरीके से मिलना चाहिए, तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही या अनियमितता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने सड़क, बिजली, पेयजल, स्वास्थ्य, शिक्षा, कृषि और राजस्व से संबंधित कार्यों की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए। कानून व्यवस्था की समीक्षा करते हुए प्रभारी मंत्री ने पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों को अपराध एवं अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाने का निर्देश दिया। उन्होंने संवेदनशील क्षेत्रों में सतर्कता बनाए रखने, महिला सुरक्षा, यातायात व्यवस्था और साइबर अपराधों की रोकथाम के लिए विशेष ध्यान देने पर जोर दिया। मंत्री चौधरी ने यह भी कहा कि आमजन की समस्याओं का त्वरित और संतोषजनक निस्तारण सुनिश्चित किया जाए, जिससे प्रशासन पर लोगों का विश्वास मजबूत हो सके। उन्होंने अधिकारियों को तहसील और ब्लॉक स्तर पर नियमित निरीक्षण कर योजनाओं की प्रगति की समीक्षा करने तथा शिकायत मिलने पर तत्काल कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि सरकार की मंशा के अनुरूप पात्र व्यक्तियों तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना अधिकारियों की प्राथमिक जिम्मेदारी है।


