Knife Attack On Mother-Daughter: बारां जिले के अंता कस्बे में देर रात दिल दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां घूमने निकली मां-बेटी पर एक युवक ने चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। हमले में गंभीर रूप से घायल महिला की कोटा में उपचार के दौरान मौत हो गई। वहीं बेटी की हालत गंभीर बनी हुई है। घटना के बाद इलाके में दहशत और लोगों में भारी आक्रोश का माहौल है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आरोपी की तलाश शुरू कर दी है।
खाना खाकर घूमने निकली थी मां-बेटी
जानकारी के अनुसार अंता कस्बे के कंचनपुरी क्षेत्र निवासी प्रेम बाई मेघवाल अपनी बेटी कृष्णा के साथ रात करीब 9 बजे खाना खाकर खेमजी गार्डन की ओर घूमने के लिए जा रही थीं। इसी दौरान सीसवाली रोड फाटक के पास पहले से घात लगाए बैठे एक युवक ने उनका रास्ता रोक लिया। इससे पहले कि मां-बेटी कुछ समझ पातीं आरोपी ने दोनों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। अचानक हुए हमले से दोनों लहूलुहान होकर सड़क पर गिर पड़ीं।
मां की मौत बेटी की हालत गंभीर
घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। आसपास मौजूद लोग तुरंत मौके पर पहुंचे और दोनों घायलों को गंभीर हालत में अंता अस्पताल पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सकों ने दोनों को कोटा रेफर कर दिया। जहां देर रात इलाज के दौरान प्रेम बाई की मौत हो गई। वहीं उनकी बेटी कृष्णा का अस्पताल में उपचार जारी है और उसकी हालत गंभीर बताई जा रही है।
किराए से रहता था आरोपी
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आसपास के क्षेत्र में जांच शुरू की गई। पुलिस उपाधीक्षक पुष्पेंद्र सिंह आढ़ा ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आरोपी युवक कुछ समय पहले मृतका के मकान में किराए पर रहता था। फिलहाल आरोपी की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की अलग-अलग टीमें रवाना हुई हैं। मामले में आगे की जांच की जा रही है। बेटी का गंभीर हालत में इलाज जारी है।
असंतुलित कार गड्ढे में गिरी, एक की मौत, 12 घायल
दूसरी घटना में बारां के ही ग्राम पंचायत बीलखेड़ा डांग में सड़क हादसा हो गया जिसमें एक व्यक्ति की मौके पर ही मौत हो गई वहीं 12 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। इनमें से 7 गंभीर घायलों को बारां रैफर कर दिया गया। घटना की सूचना मिलते ही कस्बाथाना थानाधिकारी योगेश कुमार शर्मा मय जाप्ता पहुंचे, ग्रामीणों की सहायता से घायलों को एक निजी वाहन से देवरी अस्पताल पहुंचाया एवं मृतक को एम्बुलेंस से राजकीय सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र शाहाबाद ले जाया गया जिसका पोस्टमार्टम कर शव परिजनों के सुपुर्द किया।
सात गंभीर घायलों को जिला अस्पताल रैफर किया वहीं पांच का प्राथमिक उपचार कर छुट्टी कर दी गई। हादसे में जनवेद सहरिया पुत्र श्रवण उम्र 47 साल की मौके पर मौत हो गई। ग्रामीणों के अनुसार कोटरा गांव के ये 13 महिला-पुरुष एवं बच्चे मध्यप्रदेश राज्य के पोहरी तहसील के झिंगनी गांव में अपने रिश्तेदारी में कार्यक्रम से लौट रहे थे। कोटरा गांव की घाटी को उतरते समय कार असंतुलित होकर गड्ढे में जा गिरी। घायलों की चीख-पुकार सुन ग्रामीण मदद के लिए दौड़े। घायलों को बाहर निकाला। ग्रामीणों ने बताया कि घायलों को पास के गांव में सब्जी बेचने वाले टेम्पो को बुलाकर अस्पताल लाया गया।


