SSC CGL 2026 Exam Pattern: कर्मचारी चयन आयोग (SSC) ने कंबाइंड ग्रेजुएट लेवल (CGL) 2026 परीक्षा का आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस बार केंद्र सरकार के विभिन्न विभागों में 12,256 पदों पर बंपर भर्तियां निकाली गई हैं। लेकिन जो भी कैंडिडेट्स इस परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं उन्हें आवेदन करने से पहले एक अहम बदलाव के बारे में जरूर जान लेना चाहिए। एसएससी ने इस बार सीजीएल परीक्षा के पैटर्न में कुछ बदलाव किए हैं और टियर 2 की परीक्षा में सेक्शनल टाइमिंग लागू कर दी गई है। आइए आसान भाषा में समझते हैं कि यह नया नियम क्या है और इसका छात्रों पर क्या असर पड़ेगा।
जरूरी तारीखें
| विवरण | तारीख |
| नोटिफिकेशन जारी होने की तारीख | 21 मई, 2026 |
| ऑनलाइन आवेदन शुरू | 21 मई, 2026 |
| आवेदन की आखिरी तारीख | 22 जून, 2026 |
| फीस जमा करने की आखिरी तारीख | 23 जून, 2026 |
| फॉर्म में सुधार (करेक्शन) की तारीख | 29 जून से 1 जुलाई, 2026 तक |
| टियर 1 परीक्षा (कंप्यूटर आधारित) | अगस्त सितंबर 2026 |
| टियर 2 परीक्षा | दिसंबर 2026 |
क्या है सेक्शनल टाइमिंग का नया नियम
पहले कैंडिडेट्स अपनी सहूलियत के हिसाब से किसी भी विषय को कितना भी समय दे सकते थे, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। नए पैटर्न के अनुसार, टियर 2 की मुख्य परीक्षा को अलग-अलग सेक्शन में बांट दिया गया है और हर सेक्शन को हल करने के लिए एक तय समय (सेक्शनल टाइमिंग) दिया जाएगा। जब एक सेक्शन का समय पूरी तरह खत्म हो जाएगा तभी कैंडिडेट्स अगले सेक्शन के सवालों पर जा सकेंगे। इसका सीधा मतलब यह है कि, अब छात्रों को परीक्षा के दौरान अपनी स्पीड और टाइम मैनेजमेंट पर बहुत ज्यादा ध्यान देना होगा।
टियर 2 परीक्षा का नया ढांचा
टियर 2 परीक्षा में अब समय को इस तरह से बांटा गया है:
- सेक्शन 1: इस भाग में मैथ्स और रीजनिंग के सवाल होंगे। इस सेक्शन को हल करने के लिए छात्रों को कुल 1 घंटे का समय मिलेगा।
- सेक्शन 2: इसमें अंग्रेजी भाषा और जनरल अवेयरनेस (GK) के सवाल पूछे जाएंगे। इस सेक्शन के लिए भी छात्रों को 1 घंटे का समय दिया जाएगा।
- सेक्शन 3: यह कंप्यूटर ज्ञान का टेस्ट होगा जिसके लिए 15 मिनट का समय तय किया गया है। कैंडिडेट्स को यह ध्यान रखना होगा कि मेरिट में आने के लिए हर सेक्शन में अलग-अलग पास होना जरूरी है।
जेएसओ (JSO) पद के लिए क्या हैं नियम
जो उम्मीदवार जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर (JSO) पद के लिए आवेदन कर रहे हैं, उनकी चयन प्रक्रिया थोड़ी अलग होगी। टियर 2 में ऊपर दिए गए अनिवार्य पेपर-1 के साथ-साथ उन्हें पेपर-2 भी देना होगा। पेपर-2 स्टैटिस्टिक्स का होगा। इसके लिए अलग से 2 घंटे का समय मिलेगा और यह 200 अंकों का होगा। इसी तरह जो उम्मीदवार असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के लिए आवेदन करेंगे उन्हें फाइनेंस और इकोनॉमिक्स का एक अलग पेपर देना होता है।
एलिजिबिलिटी और एज लिमिट
उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। वहीं जूनियर स्टैटिस्टिकल ऑफिसर (JSO) पद के लिए 12वीं में गणित में कम से कम 60 प्रतिशत अंक या सांख्यिकी (Statistics) में डिग्री होना जरूरी है। असिस्टेंट ऑडिट ऑफिसर (AAO) के लिए सीए, सीएमए, सीएस या कॉमर्स में मास्टर डिग्री होना अच्छा माना जाएगा।ज्यादातर पदों के लिए उम्र 18 से 30 साल के बीच तय की गई है। जेएसओ के लिए अधिकतम उम्र 32 साल और ऑडिटर या अकाउंटेंट पदों के लिए उम्र सीमा 18 से 27 साल है। आरक्षित वर्गों को सरकारी नियमों के अनुसार अधिकतम आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
SSC CGL 2026 ऐसे करें अप्लाई
- सबसे पहले एसएससी की ऑफिशियल वेबसाइट ssc.gov.in या mySSC ऐप पर जाएं।
- अगर आपने पहले से रजिस्ट्रेशन नहीं किया है तो, अपना वन टाइम रजिस्ट्रेशन (OTR) पूरा करें।
- इसके बाद अपनी पहचान वेरिफाई करने के लिए आधार प्रमाणीकरण या किसी अन्य वैध पहचान पत्र का इस्तेमाल करें।
- फॉर्म में अपनी सभी व्यक्तिगत जानकारी, शैक्षणिक योग्यता और परीक्षा केंद्र से जुड़ी डिटेल सही-सही भरें।
- अब बताए गए सही साइज में अपना फोटो और हस्ताक्षर अपलोड करें।
- यूपीआई नेट बैंकिंग या डेबिट क्रेडिट कार्ड के जरिए ऑनलाइन आवेदन फीस जमा करें।
- फॉर्म सबमिट करें और भविष्य के लिए इसका एक प्रिंटआउट निकालकर अपने पास सुरक्षित रख लें।
- फॉर्म भरते समय किसी भी परेशानी की स्थिति में उम्मीदवार टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800 309 3063 पर संपर्क कर सकते हैं।
किन पदों पर होगी भर्ती
इस परीक्षा के जरिए असिस्टेंट सेक्शन ऑफिसर (ASO), इनकम टैक्स इंस्पेक्टर, सेंट्रल एक्साइज इंस्पेक्टर और सीबीआई में सब इंस्पेक्टर जैसे कई प्रतिष्ठित पदों पर युवाओं की नियुक्ति की जाएगी। जो भी उम्मीदवार इन पदों के लिए आवेदन करना चाहते हैं वे वेबसाइट पर जाकर आधिकारिक नोटिफिकेशन को जरूर पढ़ लें।


