शाजापुर के लालघाटी थाना क्षेत्र में नेशनल हाईवे-52 पर शुक्रवार देर रात एक ट्रक अनियंत्रित होकर पलट गया। हादसा लालघाटी स्थित लॉ कॉलेज के पास करीब 2 बजे हुआ। दुर्घटना में ट्रक चालक सुरक्षित बच गया और किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई। इंदौर की ओर जा रहा था ट्रक लालघाटी थाना प्रभारी अर्जुन सिंह मुजाल्दे ने बताया कि ट्रक ब्यावरा से इंदौर की ओर जा रहा था। देर रात लगातार वाहन चलाने के कारण चालक शाहरुख को नींद की झपकी आ गई, जिससे ट्रक का संतुलन बिगड़ गया और वह सड़क किनारे पलट गया। हादसे के बाद कुछ समय के लिए हाईवे पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया। डायल 112 टीम पहुंची मौके पर घटना की सूचना मिलते ही डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने स्थानीय लोगों की मदद से यातायात व्यवस्था को सामान्य कराया। पुलिस के अनुसार हादसे में चालक को कोई गंभीर चोट नहीं आई है। पुलिस ने चालकों से की अपील स्थानीय लोगों का कहना है कि देर रात लगातार वाहन चलाने की वजह से सड़क हादसों की घटनाएं बढ़ रही हैं। पुलिस ने वाहन चालकों से लंबी दूरी की यात्रा से पहले पर्याप्त आराम करने की अपील की है, ताकि ऐसे हादसों से बचा जा सके।


