चेन्नई की IPL में सबसे बड़ी हार:गिल-सुदर्शन के बीच 10वीं बार शतकीय साझेदारी; कंबोज ने एक सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स दिए; रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स

गुजरात टाइटंस ने IPL 2026 के 66वें मुकाबले में चेन्नई सुपर किंग्स को 89 रन से हरा दिया। चेन्नई के लिए यह मुकाबला बेहद निराशाजनक रहा। यह चेन्नई की IPL इतिहास में सबसे बड़ी हार रही। मैच में शुभमन गिल और साई सुदर्शन ने पहली विकेट के लिए 10वीं बार शतकीय साझेदारी की, जबकि चेन्नई के गेंदबाजों की जमकर पिटाई हुई। अंशुल कंबोज के नाम एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के खाने का अनचाहा रिकॉर्ड दर्ज हुआ। इस हाईस्कोरिंग मुकाबले में कई बड़े रिकॉर्ड और मोमेंट्स देखने को मिले। चेन्नई-गुजरात मैच के टॉप रिकॉर्ड्स-मोमेंट्स… 1. चेन्नई की IPL में सबसे बड़ी हार गुजरात से मिली 89 रन की हार चेन्नई की IPL इतिहास की सबसे बड़ी हार रही। इससे पहले 2013 में मुंबई ने उसे 60 रन से हराया था। 2. गुजरात ने सबसे बड़ी जीत दर्ज की गुजरात की 89 रन की जीत IPL इतिहास में रन के लिहाज से टीम की सबसे बड़ी जीत रही। इससे पहले टीम की सबसे बड़ी जीत इसी साल सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ 82 रन की थी। 3. शुभमन ने टी-20 में 6 हजार रन पूरे किए गिल ने मेंस टी-20 क्रिकेट में 6 हजार रन पूरे किए। उन्होंने 185 पारियों में यह उपलब्धि हासिल की। गिल सबसे तेज 6 हजार रन पूरे करने वाले खिलाड़ियों की लिस्ट में 7वें नंबर पर हैं। क्रिस गेल 162 पारियों के साथ पहले नंबर पर हैं। 4. कंबोज ने एक IPL सीजन में सबसे ज्यादा सिक्स दिए कंबोज IPL में एक सीजन में सबसे ज्यादा छक्के देने वाले गेंदबाज बन गए हैं। उनकी गेंद पर इस सीजन 34 छक्के लगे हैं। इस लिस्ट में गुजरात के राशिद खान 33 छक्कों के साथ दूसरे नंबर पर हैं। 5. गिल-सुदर्शन के बीच टी-20 में 10वीं बार शतकीय साझेदारी गिल और सुदर्शन की ओपनिंग जोड़ी ने मेंस टी-20 क्रिकेट में सबसे कम 46 पारियों में 10वीं शतकीय साझेदारी की। दोनों ने चेन्नई के खिलाफ 125 रन जोड़े। क्रिस गेल और विराट कोहली की जोड़ी 63 पारियों में 10 सेंचुरी पार्टनरशिप के साथ दूसरे नंबर पर है। 6. गिल-सुदर्शन IPL इतिहास की दूसरी सबसे सफल ओपनिंग जोड़ी IPL में बतौर ओपनिंग जोड़ी सबसे ज्यादा रन बनाने के मामले में गिल और सुदर्शन दूसरे नंबर पर पहुंच गए हैं। दोनों ने 1942 रन जोड़े हैं। उन्होंने विराट कोहली और फाफ डु प्लेसिस की जोड़ी को पीछे छोड़ा। डेविड वॉर्नर और शिखर धवन 2220 रन के साथ टॉप पर हैं। 7. गिल-सुदर्शन ने लगातार दूसरे सीजन 600+ रन बनाए गिल और सुदर्शन ने IPL के लगातार दूसरे सीजन में 600 से ज्यादा रन बनाए। दोनों ने चेन्नई के खिलाफ फिफ्टी लगाई। गुजरात के ओपनर्स ने 2025 में भी 600 से ज्यादा रन बनाए थे। लगातार सबसे ज्यादा सीजन यह आंकड़ा पार करने वालों में क्रिस गेल, डेविड वार्नर, केएल राहुल और विराट कोहली शामिल हैं। इन खिलाड़ियों ने लगातार 3 सीजन 600 से ज्यादा रन बनाए थे। 8. सुदर्शन ने लगातार पांचवी फिफ्टी लगाई सुदर्शन ने IPL 2026 में लगातार 5वीं फिफ्टी लगाई। चेन्नई के खिलाफ उन्होंने 84 रन बनाए। सुदर्शन यह कीर्तिमान हासिल करने वाले चौथे खिलाड़ी हैं। उनसे पहले वीरेंद्र सहवाग, जोस बटलर और डेविड वॉर्नर लगातार 5-5 फिफ्टी लगा चुके हैं। 9. सिराज ने पारी की पहली गेंद पर विकेट लिया मोहम्मद सिराज ने चेन्नई की पहली गेंद पर ही संजू सैमसन को कैच आउट कराया। वे पारी की पहली गेंद पर विकेट लेने वाले गुजरात के दूसरे गेंदबाज बने। उनसे पहले मोहम्मद शमी यह कारनामा दो बार कर चुके हैं। शमी ने 2022 में केएल राहुल और 2023 में फिल सॉल्ट को पहली गेंद पर आउट किया था।
यहां से टॉप-5 मोमेंट्स… 1. सैमसन को चोट की वजह से बाहर जाना पड़ा गुजरात की पारी के दूसरे ओवर में संजू सैमसन इंजरी के कारण मैदान से बाहर चले गए। स्पेंसर जॉनसन की तीसरी गेंद लेग-स्टंप से काफी बाहर थी। साई सुदर्शन फ्लिक करने गए, लेकिन गेंद बल्लेबाज और विकेटकीपर को छकाते हुए बाउंड्री के बाहर चली गई। बॉल रोकने के लिए डाइव लगाते समय संजू चोटिल हो गए। इसके बाद फिजियो उन्हें मैदान से बाहर ले गए। फिर उर्विल पटेल ने विकेटकीपिंग संभाली। 2. शिवम दुबे ने पीछे भागते हुए कैच पकड़ा पहली पारी के 13वें ओवर में शिवम दुबे ने पीछे भागते हुए कैच पकड़ा। जॉनसन के ओवर की दूसरी गेंद पर गिल का बल्ले का बाहरी किनारा लगा और गेंद मिड-विकेट की ओर गई। वहां शिवम ने पीछे भागते हुए कैच लपका। 3. राहुल तेवतिया पहली गेंद पर ही रनआउट हुए गुजरात की पारी के 19वें ओवर में राहुल तेवतिया पहली गेंद पर ही रनआउट हो गए। कंबोज की दूसरी गेंद पर सुदर्शन का विकेट गिरने के बाद तेवतिया बल्लेबाजी के लिए उतरे। उन्होंने पहली गेंद मिड-ऑफ की ओर खेलकर सिंगल लेने की कोशिश की। ऋतुराज गायकवाड ने नॉन-स्ट्राइकर एंड पर डायरेक्ट थ्रो मारा। रिप्ले में तेवतिया क्रीज से कुछ इंच दूर दिखे और बिना खाता खोले लौटना पड़ा। 4. गायकवाड सिक्स लगाने के बाद अगली गेंद पर बोल्ड हुए दूसरी पारी के तीसरे ओवर में गायकवाड ने मोहम्मद सिराज की पहली गेंद पर स्क्वायर लेग के ऊपर से सिक्स लगाया। सिराज ने अगली ही गेंद पर गायकवाड को बोल्ड कर दिया। गायकवाड 16 रन बनाकर आउट हुए। 5. रबाडा ने लगातार दो गेंद पर विकेट लेकर चेन्नई की पारी समेटी पारी के 14वें ओवर में कगिसो रबाडा ने दो गेंदों पर दो विकेट लिए। उन्होंने दूसरी गेंद पर नूर अहमद को कॉट एंड बोल्ड किया। इसके बाद चौथी गेंद पर स्पेंसर जॉनसन को जोस बटलर के हाथों कैच कराया। इसके साथ ही चेन्नई ऑलआउट हो गई और गुजरात ने जीत दर्ज की।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *