हाथरस में अलीगढ़ रोड पर बिजली के पोल से गिरकर एक संविदा लाइनमैन की मौत हो गई। यह घटना रात करीब 9:30 बजे हुई, जब राजन सिंह नामक कर्मी पोल पर काम कर रहे थे। बताया जा रहा है कि काम के दौरान उन्हें करंट लगा, जिससे वह पोल से नीचे गिर गए और गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तत्काल उपचार के लिए जिला अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। मृतक राजन सिंह (50) गांव खोरना के निवासी थे और प्रगति पुरम बिजलीघर पर संविदा लाइनमैन के पद पर कार्यरत थे। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों में कोहराम मच गया। वहीं, उनके साथ काम कर रहा एक अन्य विद्युत कर्मी योगेश भी दहशत में आ गया, जिसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।


