जालौन के कोंच तहसील क्षेत्र के ग्राम ब्यौना राजा में पुश्तैनी मकानों को लेकर विवाद गहरा गया है। गांव के दर्जनों परिवारों ने गुरुवार दोपहर एसडीएम कोंच हेमन्त पटेल को शिकायत पत्र सौंपा है। ग्रामीणों का आरोप है कि कुछ दबंग लोग उन्हें उनके 35 साल पुराने पुश्तैनी मकानों से बेदखल करने और नए निर्माण कार्य को रोकने की धमकी दे रहे हैं। शिकायती पत्र में बताया गया कि ये सभी परिवार ग्राम ब्यौना राजा, परगना एवं तहसील कोंच, जिला जालौन के मूल निवासी हैं। उनके पूर्वजों के मकान लगभग 35 वर्ष पुराने हैं और गांव की आबादी भूमि पर बने हुए हैं। इन मकानों में करीब 70 परिवार लंबे समय से निवास कर रहे हैं। ग्रामीणों के अनुसार, हाल ही में कुछ मकान जर्जर होकर गिर गए थे, जिन्हें दोबारा बनाना आवश्यक है। आरोप है कि गांव के ही कुछ लोग उन्हें मकान निर्माण करने से रोक रहे हैं और जगह खाली करने की धमकी दे रहे हैं। पीड़ितों का कहना है कि जिन लोगों द्वारा यह विवाद खड़ा किया जा रहा है, उनके पूर्वजों ने ही वर्षों पहले यह भूमि उनके परिवारों को बेची थी। तभी से ये परिवार वहां रह रहे हैं। ग्रामीणों ने यह भी बताया कि उनके पास रहने के लिए अन्य कोई स्थान नहीं है, इसलिए वे भय और असुरक्षा के माहौल में जीवन यापन कर रहे हैं। ग्रामीणों ने उपजिलाधिकारी से मामले की निष्पक्ष स्थलीय जांच कराने और दबंगों द्वारा निर्माण कार्य में डाली जा रही बाधा को रोकने की मांग की है, ताकि उन्हें न्याय मिल सके और वे अपने मकानों का निर्माण करा सकें। ग्रामीणों ने प्रशासन से शीघ्र हस्तक्षेप की मांग करते हुए कहा कि यदि समय रहते कार्रवाई नहीं हुई तो गांव में तनाव की स्थिति उत्पन्न हो सकती है। एसडीएम हेमन्त पटेल ने जांच कर उचित कार्यवाही करने का आश्वासन दिया है।


