तेंदूखेड़ा में पानी की तलाश में कुएं में गिरा तेंदुआ:भटककर रिहायशी इलाके तक पहुंचा; रेस्क्यू टीम का इंतजार, पुलिस-वन अमला तैनात

तेंदूखेड़ा में पानी की तलाश में कुएं में गिरा तेंदुआ:भटककर रिहायशी इलाके तक पहुंचा; रेस्क्यू टीम का इंतजार, पुलिस-वन अमला तैनात

नरसिंहपुर जिले के तेंदूखेड़ा के पास गुरुवार सुबह एक तेंदुआ कुएं में गिर गया। पानी की तलाश में भटकते हुए निजी खेत के कुएं में जा गिरा। सूचना मिलने पर वन विभाग और पुलिस का अमला मौके पर पहुंचा, लेकिन विशेषज्ञ रेस्क्यू टीम के न पहुंचने के कारण बचाव कार्य दोपहर तक शुरू नहीं हो सका। घटना गुरुवार सुबह तब सामने आई जब सहजपुरा रोड स्थित खेत के मालिक सरफराज खान खेत पर पहुंचे। उन्हें कुएं के भीतर से किसी जंगली जानवर की आवाजें सुनाई दीं। झांककर देखने पर उन्होंने एक तेंदुए को कुएं में फंसा पाया। पानी कम के कारण तेंदुआ किनारे पर खड़ा था कुएं में पानी कम होने के कारण तेंदुआ एक सूखे किनारे पर खड़ा था और बाहर निकलने का लगातार प्रयास कर रहा था। वह सिंचाई के लिए कुएं में डाले गए लोहे के पाइपों पर चढ़कर ऊपर आने की कोशिश भी करता दिखा। सरफराज खान ने तुरंत स्थानीय पुलिस और वन विभाग को इसकी सूचना दी। तेंदुए के कुएं में गिरने की खबर तेजी से फैल गई, जिससे बड़ी संख्या में लोग खेत की ओर जमा हो गए। भीड़ को नियंत्रित करने और सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए स्थानीय पुलिस बल और वन विभाग का मैदानी अमला तुरंत मौके पर पहुंचा। उन्होंने कुएं के आसपास घेराबंदी कर लोगों को दूर रखा। पानी की तलाश में भटककर रिहायशी इलाके में पहुंचा वन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि तेंदुए को सुरक्षित निकालने के लिए रेस्क्यू सेंटर की विशेषज्ञ टीम को सूचित कर दिया गया है। हालांकि, दोपहर 12:30 बजे तक टीम मौके पर नहीं पहुंच सकी थी, जिससे बचाव अभियान शुरू होने में देरी हुई। स्थानीय अमला तेंदुए की गतिविधियों पर लगातार नजर बनाए हुए है। माना जा रहा है कि तेंदुआ पानी की तलाश में जंगल से भटककर रिहायशी इलाके के पास आ गया था। वन अधिकारियों का अनुमान है कि भीषण गर्मी के चलते वन्यजीव पानी की तलाश में भटक रहे हैं। पास ही घना वन क्षेत्र होने के कारण यह तेंदुआ रात या अलसुबह पानी की खोज में खेत की तरफ आया होगा और अंधेरे के कारण अनियंत्रित होकर कुएं में जा गिरा। फिलहाल वन विभाग की टीम पिंजरे और जरूरी संसाधनों के साथ रेस्क्यू टीम के आने का इंतजार कर रही है, ताकि तेंदुए को सुरक्षित निकालकर वापस प्राकृतिक आवास में छोड़ा जा सके।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *