सलूंबर में ‘हेल्थ एंड वैलनेस बाय योगा’ अभियान का दूसरा चरण उत्साह और जनभागीदारी के साथ आयोजित किया गया। अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस 2026 की तैयारियों के तहत, आयुर्वेद विभाग और जिला प्रशासन ने संयुक्त रूप से योग को जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से इस कार्यक्रम का आयोजन किया। इसमें बड़ी संख्या में विद्यार्थियों, महिलाओं और आमजन ने योगाभ्यास कर स्वस्थ जीवन का संकल्प लिया। इस अभियान की थीम ‘योग फॉर सेल्फ एंड फैमिली, योग @ 365 डेज’ रखी गई है। इसके अंतर्गत, अब प्रत्येक गुरुवार सुबह 7 से 8 बजे तक सलूंबर के प्रमुख स्थलों, सेरिंग तालाब की पाल और जयसमंद की पाल पर सामूहिक योग सत्र आयोजित किए जाएंगे। अभियान के दूसरे दिन ही लोगों में योग के प्रति विशेष उत्साह देखा गया। प्रतिभागियों ने योगासन, प्राणायाम और ध्यान का अभ्यास करते हुए नियमित योग अपनाने का संदेश दिया। जिला प्रशासन और आयुर्वेद विभाग ने जिलेवासियों से अपील की है कि वे इस अभियान से जुड़कर योग को अपने दैनिक जीवन का अभिन्न अंग बनाएं। इसका उद्देश्य स्वस्थ, निरोग और संतुलित जीवन की दिशा में कदम बढ़ाना है।


