स्कूल के लिए घर से निकली थी महिला, सड़क किनारे दोस्त का इंतजार करने के लिए रुकी, ट्रैक्टर-ट्रॉली के कुचलने पर मौके पर मौत

स्कूल के लिए घर से निकली थी महिला, सड़क किनारे दोस्त का इंतजार करने के लिए रुकी, ट्रैक्टर-ट्रॉली के कुचलने पर मौके पर मौत

Ghaziabad Road Accident: गाजियाबाद के लोनी इलाके में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। बंथला चिरोड़ी रोड पर सड़क किनारे खड़ी एक महिला को तेज रफ्तार ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने कुचल दिया। हादसा इतना भयानक था कि महिला की मौके पर ही मौत हो गई। बताया जा रहा है कि वह वहां पर अपनी महिला साथी का इंतजार कर रही थी और उसकी स्कूटी सड़क किनारे खड़ी थी। तभी तेज रफ्तार में आ रहे ईंटों से भरे ट्रैक्टर-ट्रॉली ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी और महिला की वहीं मौत हो गई।

मौके पर ही गई जान

मौके पर मौजूद लोगों के अनुसार ट्रैक्टर-ट्रॉली ईंटों से भरी हुई थी और वह तेज स्पीड में आ रही थी। टक्कर लगते ही चेताली बनर्जी सड़क पर गिर गईं और ट्रैक्टर का पहिया उनके सिर के ऊपर से निकल गया। हादसा इतना दर्दनाक था कि उनकी मौके पर ही मौत हो गई। घटना के बाद ट्रैक्टर चालक वाहन लेकर वहां से फरार हो गया। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर परिवार वालों को हादसे की जानकारी दी।

Teacher Accident News

पति ने बयां किया अपना दर्द

मृतका की पहचान 55 साल की चेताली बनर्जी के रूप में हुई है। वह टीला मोड़ थाना क्षेत्र की भारत सिटी सोसाइटी में अपने परिवार के साथ रहती थीं। वह बंथला चिरोड़ी रोड स्थित एक निजी स्कूल में शिक्षिका थीं। उनके पति देवाशीष बनर्जी नोएडा में प्राइवेट नौकरी करते हैं। परिवार में उनके दो बेटे ओरित्रो और स्नेहआशीष हैं, जो फिलहाल पढ़ाई कर रहे हैं। पति के अनुसार चेताली रोज की तरह बुधवार सुबह करीब सात बजे स्कूटी से स्कूल जाने के लिए घर से निकली थीं। हादसे की खबर मिलने के बाद पूरे परिवार में मातम छा गया।

पुलिस की कार्रवाई

मामले को लेकर सहायक पुलिस आयुक्त ने बताया कि मृतका के पति की शिकायत पर पुलिस ने केस दर्ज कर लिया है। कार्रवाई करते हुए पुलिस ने ट्रैक्टर चालक मोहित उर्फ मोनू को गिरफ्तार कर लिया है। वह बेहटा हाजीपुर का रहने वाला है। वहीं हादसे में इस्तेमाल हुए ट्रैक्टर-ट्रॉली को भी पुलिस ने सीज कर दिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है और आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है। हादसे के बाद इलाके के लोगों में काफी गुस्सा देखने को मिला।

ऐसा ही एक और मामला

वहीं गाजियाबाद के शालीमार गार्डन इलाके में भी तेज रफ्तार बाइक का कहर देखने को मिला। नारायण होम में रहने वाले चंदन सिंह ने बताया कि उनकी पत्नी मोहिनी बाजार से घर लौट रही थीं। तभी राजेंद्रनगर सेक्टर-3 में शिव मंदिर के पास तेज रफ्तार बाइक ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर के बाद बाइक का संतुलन बिगड़ गया और वह दूसरी महिला से भी जा टकराई। हादसे में मोहिनी के दोनों हाथ टूट गए और सिर में भी गंभीर चोट आई है। वहीं दूसरी महिला की हालत भी गंभीर बनी हुई है। पुलिस ने बाइक चालक के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *