पुष्कर घाटी हादसे में शराब कनेक्शन! श्रीश्याम सेवा समिति की SUV से मिलीं खाली-भरी बीयर बोतलें, पदाधिकारी तलब

पुष्कर घाटी हादसे में शराब कनेक्शन! श्रीश्याम सेवा समिति की SUV से मिलीं खाली-भरी बीयर बोतलें, पदाधिकारी तलब

Pushkar Valley Crash Update: पुष्कर घाटी में दो दिन पूर्व हुए जानलेवा सड़क हादसे की पुलिस जांच में बड़ा खुलासा सामने आया है। श्रीश्याम सेवा समिति की क्षतिग्रस्त एसयूवी कार से पुष्कर थाना पुलिस को बीयर की करीब एक दर्जन भरी हुई और 4-5 खाली बोतलें बरामद हुई हैं। प्रारम्भिक पड़ताल में एसयूवी चालक और उसके साथ मौजूद युवक के नशे की हालत में होने की संभावना जताई जा रही है।
पुष्कर घाटी में 18 मई की रात हुए हादसे के बाद पुष्कर थाना पुलिस ने बुधवार सुबह क्षतिग्रस्त एसयूवी की तलाशी ली। तलाशी में वाहन से बीयर की 8 बड़ी व 5 छोटी बोतलें मिलीं। पुलिस का मानना है कि वाहन में सवार युवकों द्वारा शराब सेवन के बाद तेज रफ्तार, लापरवाही से वाहन चलाने से हादसा पेश आया।

दुर्घटनाकारित वाहन प्रसिद्ध खाटू श्याम मंदिर की श्रीश्याम सेवा समिति का है। जांच अधिकारी और ग्रामीण उपाधीक्षक रामचंद्र चौधरी ने बताया कि वाहन मंदिर सेवा समिति के नाम दर्ज होने के कारण समिति प्रभारी को बतौर वाहन मालिक जांच में तलब किया है।

वायरल वीडियो से मिली जांच की दिशा

हादसे के तुरंत बाद घटनास्थल के कुछ वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुए थे। इनमें तीन युवक वाहन से निकलते दिखाई दे रहे हैं। वीडियो में मंदिर समिति से जुड़े सेदिग्विजय सिंह की मौजूदगी भी सामने आई है। हादसे में घायल दिग्विजय सिंह का पुलिस ने जेएलएन अस्पताल में उपचार भी करवाया था। जिसका सोशल मीडिया पर वीडियो मौजूद है। हादसे के समय वाहन कौन चला रहा था पुलिस ने फिलहाल इसकी पुष्टि नहीं की है। जांच अधिकारी का कहना है कि चालक की पहचान और हादसे की परिस्थितियों की पुष्टि के लिए विभिन्न पहलुओं की जांच की जा रही है।

हादसे में युवक की मौत. . .

इस दर्दनाक सड़क हादसे में धोलाभाटा निवासी रवि की मौत हो चुकी है जबकि 3 अन्य जख्मी हो गए थे। घटना के बाद से आरोपी चालक और उसके साथ मौजूद अन्य युवक फरार बताए जा रहे हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। कार से बड़ी संख्या में मिली बीयर की बोतलों से मामले में ड्रिंक एण्ड ड्राइव के एंगल से भी जांच की जा रही है। पुलिस पता लगाने में जुटी है कि हादसे के समय वाहन में कितने लोग सवार थे। पुलिस का कहना है कि तकनीकी साक्ष्यों, वायरल वीडियो और प्रत्यक्षदर्शियों के बयान के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

जांच अधिकारी ये बोले…

दुर्घटनाकारित करने वाली एसयूवी कार श्रीश्याम सेवा समिति के नाम है। समिति प्रभारी को तलब किया है। वायरल वीडियो में घटनास्थल पर 3 युवकों के साथ समिति के सेवादार दिग्विजय सिंह के मौजूद होने की पुष्टि हुई है। कार कौन चला रहा था यह जांच की जा रही है।
रामचन्द्र चौधरी, सीओ अजमेर ग्रामीण

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *