महर्षि दयानंद सरस्वती यूनिवर्सिटी अजमेर में अब पढाई के साथ स्टूडेंट्स कमाई भी कर सकेंगे। यूनिवर्सिटी में विद्यार्थियों के लिए एक नई पहल लर्न, अर्न व परफोर्म योजना प्रारम्भ की है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी अब उच्च शिक्षा प्राप्त करते हुए विश्वविद्यालय परिसर में कार्य करके आर्थिक सहायता भी प्राप्त कर सकेंगे। यूनिवर्सिटी कुलगुरु प्रो. सुरेश कुमार अग्रवाल ने बताया- यह योजना विद्यार्थियों को स्टडी वाइल अर्निंग का सुनहरा अवसर प्रदान करेगी। इसके अंतर्गत चयनित विद्यार्थियों को अकादमिक, शोध, डिजिटल, प्रशासनिक, पर्यावरणीय एवं रचनात्मक गतिविधियों में कार्य करने का अवसर मिलेगा, जिससे वे अध्ययन के साथ-साथ व्यावहारिक अनुभव भी अर्जित कर सकेंगे। योजना के तहत विद्यार्थी रिसर्च असिस्टेंस, प्रयोगशाला सहयोग, कंटेंट क्रिएशन, डिजिटाइजेशन, सोशल मीडिया प्रबंधन, इवेंट मैनेजमेंट, डॉक्यूमेंटेशन, हॉर्टिकल्चर, पर्यावरण संरक्षण एवं कार्यालयीय कार्यों जैसे विभिन्न क्षेत्रों में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर सकेंगे। विश्वविद्यालय का उद्देश्य विद्यार्थियों को केवल पाठ्यक्रम तक सीमित न रखकर उन्हें वास्तविक कार्य अनुभव एवं प्रोफेशनल कौशल से भी जोड़ना है। ये मिलेगी आर्थिक सहायता स्नातक स्तर के विद्यार्थियों को प्रतिमाह 3 से 5 हजार व स्नातकोत्तर विद्यार्थियों को 5 से 8 हजार तक की आर्थिक सहायता प्रदान की जा सकेगी। यह योजना विद्यार्थियों के आत्मविश्वास, नवाचार क्षमता एवं रोजगारपरक दक्षताओं को विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी। मेरिट आधारित चयन प्रोसेस योजना की सबसे बड़ी विशेषता इसकी पूर्णतः पारदर्शी एवं मेरिट आधारित चयन प्रक्रिया है। विद्यार्थियों का चयन उनकी शैक्षणिक उपलब्धियों, कौशल, उपस्थिति, अनुशासन एवं साक्षात्कार के आधार पर किया जाएगा। विश्वविद्यालय प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि इस योजना के माध्यम से प्रतिभाशाली एवं मेहनती विद्यार्थियों को समान अवसर उपलब्ध कराए जाएंगे। यह होगा फायदा विश्वविद्यालय के कुलगुरु प्रो. अग्रवाल ने कहा कि नई राष्ट्रीय शिक्षा नीति (NEP) के अनुरूप कौशल आधारित एवं अनुभवात्मक शिक्षा को बढ़ावा देना समय की आवश्यकता है। यह योजना विद्यार्थियों को आत्मनिर्भर बनाने के साथ-साथ उन्हें भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करेगी। योजना आर्थिक रूप से सहयोग देने के साथ-साथ विद्यार्थियों को नेतृत्व क्षमता, कार्य संस्कृति और व्यावसायिक अनुभव भी प्रदान करेगी। विश्वविद्यालय के विभिन्न विभागों में स्नातक, स्नातकोत्तर, डिप्लोमा एवं प्रमाण-पत्र पाठ्यक्रमों में प्रवेश प्रक्रिया प्रारम्भ हो चुकी है। ………. पढें ये खबर भी…. नियम विरुद्ध एडमिशन नहीं करने पर कुलगुरु को धमकाया:प्राइवेट कॉलेज संचालक के कहने पर MDS यूनिवर्सिटी के VC से गाली-गलौज की, केस दर्ज अजमेर की महर्षि दयानंद सरस्वती (MDS) यूनिवर्सिटी के कुलगुरु (VC) प्रोफेसर सुरेश कुमार अग्रवाल को धमकाने का मामला सामने आया है। यूनिवर्सिटी प्रशासन ने शनिवार शाम सिविल लाइंस थाना में मामला दर्ज करवाया। पूरी खबर पढें


