उन्नाव में भीषण गर्मी के बीच लगातार खराब विद्युत व्यवस्था से परेशान लोगों का गुस्सा बुधवार रात सड़कों पर फूट पड़ा। सिकंदरपुर सरोसी द्वितीय क्षेत्र की जिला पंचायत सदस्य नीतू सिंह सेंगर के नेतृत्व में सैकड़ों ग्रामीणों ने जिलाधिकारी आवास का घेराव किया। इसी दौरान, करोवन मोड़ स्थित मानस विहार कॉलोनी के निवासियों ने कुन्दन रोड पावर हाउस पर विरोध प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि लगातार बिजली कटौती और लो-वोल्टेज की समस्या से आम जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है। उनका कहना था कि जिम्मेदार अधिकारी समस्या के समाधान को लेकर गंभीर नहीं हैं। जिलाधिकारी आवास पहुंचे ग्रामीणों ने बताया कि पतारी, राजेपुर, पाठिका पुर, सिकंदरपुर सरोसी और थाना गांव सहित कई क्षेत्रों में लंबे समय से बिजली आपूर्ति बाधित है। ग्रामीणों ने कहा कि घंटों बिजली गुल रहने से बच्चों, बुजुर्गों और मरीजों को सबसे अधिक परेशानी हो रही है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि शिकायतों के बावजूद विभागीय अधिकारी फोन नहीं उठाते और न ही कोई स्पष्ट जवाब देते हैं। प्रदर्शन का नेतृत्व कर रहीं नीतू सिंह सेंगर ने कहा कि ग्रामीण लगातार बिजली संकट से जूझ रहे हैं। कई गांवों में रातभर बिजली नहीं आ रही, जिससे पेयजल संकट भी गहराता जा रहा है। उन्होंने प्रशासन से तत्काल व्यवस्था सुधारने की मांग की। जिलाधिकारी से वार्ता के दौरान अधिकारियों ने लगभग एक घंटे के भीतर बिजली आपूर्ति बहाल करने का आश्वासन दिया। मौके पर पहुंचे एसडीएम सदर क्षितिज द्विवेदी ने भी लोगों की समस्याएं सुनीं और संबंधित अधिकारियों को शीघ्र समाधान के निर्देश दिए। उधर, करोवन मोड़ स्थित मानस विहार कॉलोनी के निवासियों ने खराब विद्युत व्यवस्था के विरोध में कुन्दन रोड पावर हाउस पर प्रदर्शन किया। लोगों ने बताया कि बार-बार बिजली ट्रिपिंग और लंबे कटौती शेड्यूल से उनका जीवन अस्त-व्यस्त हो गया है। प्रदर्शनकारियों ने आरोप लगाया कि पावर हाउस पर कोई जिम्मेदार अधिकारी मौजूद नहीं था, जिससे उनकी नाराजगी और बढ़ गई। स्थानीय भाजपा कार्यकर्ता भी इस प्रदर्शन में शामिल हुए और बिजली व्यवस्था में सुधार की मांग उठाई। प्रदर्शनकारियों ने चेतावनी दी कि यदि जल्द ही विद्युत व्यवस्था में सुधार नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा। वहीं प्रशासनिक अधिकारियों ने लोगों को आश्वस्त किया कि बिजली आपूर्ति सामान्य कराने के लिए आवश्यक कदम उठाए जा रहे हैं और जल्द ही समस्या का समाधान किया जाएगा।


