अमेठी के एक युवक की कुवैत में संदिग्ध परिस्थितियों में मौत हो गई है। करीब एक साल पहले काम करने कुवैत गए इस युवक के परिजनों ने अब शव को स्वदेश वापस लाने की मांग की है। उन्होंने अमेठी सांसद से इस मामले में हस्तक्षेप कर मदद की गुहार लगाई है। मृतक की पहचान अमेठी कोतवाली क्षेत्र के दुबेपुर गांव निवासी फैयाज अली पुत्र रोजई के रूप में हुई है। वह कुवैत में एक दूध डेयरी कंपनी में कार्यरत था। परिजनों को एक दिन पहले साथ रहने वाले दूर के रिश्तेदार तस्लीम ने फोन पर बताया कि फैयाज ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली है। मौत की खबर सुनते ही परिवार में गम का माहौल छा गया। पिता रोजई ने बताया कि मंगलवार सुबह उन्हें फैयाज के साथ रहने वाले साढ़ू के बेटे ने फोन पर आत्महत्या की जानकारी दी। इसके बाद से उस व्यक्ति का फोन भी नहीं लग रहा है। पिता ने सांसद से बेटे का शव भारत लाने की अपील की है। फैयाज अपने तीन बहनों और एक भाई में सबसे बड़ा था। उसकी बहनों के नाम आसमीना, नजमा और हिना हैं, जबकि भाई का नाम साहिल है। फैयाज की शादी 2020 में जगदीशपुर निवासी रुखसाना बानो से हुई थी। उसके दो बेटे हैं, 5 वर्षीय मो. जिलानी और 3 वर्षीय मो. अरहान। पिता के अनुसार, फैयाज से उनकी आखिरी बार रविवार शाम को बात हुई थी। उस दौरान फैयाज ने परिवार का हालचाल पूछा था।


