रोहतक के गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज में दो छात्र गुटों के बीच जमकर लाठी डंडे चले। मारपीट के दौरान दो युवकों को गंभीर चोट आई है, जिन्हें सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। घायलों का आरोप है कि अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की और ना ही कॉलेज प्रशासन की तरफ से आरोपी के खिलाफ कोई कार्रवाई की। गौड़ कॉलेज की पार्किंग एरिया में सुबह दो छात्र गुटों के बीच झगड़ा हो गया। एक गुट ने बाहर से अपने दोस्तों व परिवार के लोगों को बुलाकर दूसरे गुट के दो युवकों के साथ जमकर मारपीट की। लाठी डंडों से दोनों युवकों को गंभीर रूप से घायल कर दिया, जिसके कारण दोनों युवकों के पैर, हाथ व चेहरे पर चोट आई है। घायलों को सिविल अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। बीए द्वितीय वर्ष के छात्र ने की मारपीट
मारपीट में घायल हुए गांव ककराना निवासी जयहिंद ने बताया कि वह बीए द्वितीय वर्ष का स्टूडेंट है और सुबह वह अपने दोस्तों के साथ कॉलेज की पार्किंग एरिया में खड़ा था। इसी दौरान उसी की क्लास का स्टूडेंट अरुण अपने दोस्तों व परिवार के साथ हथियारों से लैस होकर आया और आते ही मारपीट शुरू कर दी। जयहिंद ने बताया कि उसकी अरुण के साथ कोई रंजिश नहीं है और ना ही पहले किसी बात को लेकर कोई झगड़ा हुआ। आज सुबह आते ही अरुण ने हवाबाजी करते हुए जातिसूचक शब्दों का प्रयोग किया और विरोध करने पर बाहर से युवकों को बुलाकर मारपीट की। साथ ही जान से मारने की धमकी भी दी। अरुण ने आते ही मारपीट करना शुरू किया
गांव मोखरा हाल कलानौर निवासी घायल अजय ने बताया कि वह बीए प्रथम वर्ष का स्टूडेंट है। सुबह दोस्तों के साथ कॉलेज की पार्किंग में खड़ा था। इसी दौरान 10-12 लोग आए और आते ही मारपीट शुरू कर दी। आरोपियों ने उसके पैर, हाथ, आंख के पास गंभीर रूप से चोट मारी है। वह आरोपियों को नहीं जानता और ना ही मारपीट की वजह जानता। घायल अजय ने बताया कि सुबह से सिविल अस्पताल में एमएलआर कटवा रखी है लेकिन अभी तक पुलिस ने कोई कार्रवाई नहीं की। पुलिस उनके बयान तक लेने नहीं आई है। शायद पुलिस पर किसी का दबाव है, जिसके कारण अभी तक आरोपियों पर कोई कार्रवाई नहीं हुई। स्टूडेंट के बीच का झगड़ा था, कॉलेज के बाहर से ही चले गए
गौड़ ब्राह्मण डिग्री कॉलेज के प्रिंसिपल डॉ. जयपाल शर्मा ने बताया कि सुबह स्टूडेंट के बीच कॉलेज के बाहर झगड़ा हुआ था और बाहर से ही वह चले गए। बच्चों के बीच हुए झगड़े के बारे में पुलिस को बताया था, जिसके बाद पुलिस आई थी और मामला निपटा दिया था। पुलिस के पास अभी तक नहीं आई कोई शिकायत
सिटी थाना एसएचओ रमेश ने बताया कि सुबह कॉलेज प्रिंसिपल का फोन आया था, जिसके बाद पुलिस कॉलेज गई थी। अभी तक पुलिस के पास कोई लिखित शिकायत नहीं आई है और ना ही कोई रुक्का आया है। जैसे ही शिकायत आएगी, उसके हिसाब से आगे की कार्रवाई की जाएगी।


