धरना स्थल पर जलता चूल्हा देख भड़के सिटी मजिस्ट्रेट:आग बुझवाकर लगाई फटकार, बहुजन मुक्ति संगठन के कार्यकर्ता कर रहे थे प्रदर्शन

धरना स्थल पर जलता चूल्हा देख भड़के सिटी मजिस्ट्रेट:आग बुझवाकर लगाई फटकार, बहुजन मुक्ति संगठन के कार्यकर्ता कर रहे थे प्रदर्शन

मऊ कलेक्ट्रेट परिसर स्थित धरना स्थल पर बुधवार को बहुजन मुक्ति संगठन के कार्यकर्ता प्रदर्शन के दौरान चूल्हा जलाकर खिचड़ी बनाने का नाटक करने लगे। ज्ञापन लेने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट रमेश बाबू ने सुरक्षा व्यवस्था और भीषण गर्मी में आग से संभावित खतरे को देखते हुए आग बुझवाने के निर्देश दिए। मऊ कलेक्ट्रेट परिसर के धरना स्थल पर बहुजन मुक्ति संगठन द्वारा विभिन्न मांगों को लेकर प्रदर्शन किया जा रहा था। प्रदर्शन के दौरान कार्यकर्ताओं ने सांकेतिक विरोध जताने के लिए चूल्हा जलाकर खिचड़ी बनाने का अभिनय शुरू कर दिया। इसी बीच ज्ञापन लेने पहुंचे सिटी मजिस्ट्रेट रमेश बाबू ने धरना स्थल पर जल रही आग को देखकर नाराजगी जताई। सिटी मजिस्ट्रेट ने मौके पर मौजूद लोगों से कहा कि “यहां आग लगाओगे क्या”, क्योंकि धरना स्थल के आसपास सूखी झाड़ियां, पेड़ों के गिरे पत्ते और खरपतवार बड़ी मात्रा में मौजूद थे। भीषण गर्मी के चलते आग फैलने की आशंका को देखते हुए उन्होंने पुलिसकर्मियों को तत्काल आग बुझाने का निर्देश दिया। पुलिस प्रशासन ने मौके पर पहुंचकर चूल्हा बुझवाया और धरना स्थल पर चल रहे इस तरह के प्रदर्शन को बंद कराया। प्रशासन की इस कार्रवाई को वहां मौजूद लोगों ने भी उचित बताया। लोगों का कहना था कि सांकेतिक प्रदर्शन के नाम पर ऐसी गतिविधियां नहीं होनी चाहिए, जिससे अन्य लोगों की जान जोखिम में पड़े। फिलहाल सिटी मजिस्ट्रेट ने पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं से उनकी विज्ञप्ति लेकर शांतिपूर्वक धरना समाप्त कराया और सभी को वहां से रवाना कर दिया।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *