अलवर में उमरैण पंचायत समिति की साधारण सभा के बहिष्कार होने पर उप प्रधान सहित 8 से 10 सदस्य 45 डिग्री तापमान में धूप में आकर बैठ गए। तभी 70 साल की बुजुर्ग महिला भी उनके पास आ गई। महिला ने कहा कि उसे 6 महीने से विधवा पेंशन नहीं मिल रही। उसके पास घर खर्च नहीं है। पंचायत समिति उमरैण के मुख्य गेट के बाहर बुधवार को साधारण सभा के बहिष्कार को लेकर उपप्रधान महेश सैनी सहित करीब 8 से 10 जनप्रतिनिधि 45 डिग्री तापमान में धूप में करीब एक घंटे तक धरने पर बैठे रहे। प्रदर्शनकारियों का आरोप है कि पंचायत समिति प्रशासन उनकी समस्याओं को सुनने के बजाय अनदेखी कर रहा है।
धरने में 70 वर्षीय बुजुर्ग महिला नगमा देवी आ पहुंची। महिला ने बताया कि 6 महीनें से उसकी पेंशन नहीं मिली है। जिसे 1200 रुपए मिलते हैं। उसमें ही घर खर्च चलता है। एक बेटा है। वह भी उसका ख्याल नहीं रखता है। अब पेंशन नहीं मिलने से बड़ी परेशान है। पेंशन चालू कराने के लिए 10 बार पंचायत समिति के चक्कर लगा चुकी हैं, लेकिन अब तक समाधान नहीं हुआ।
उपप्रधान महेश सैनी ने विकास अधिकारी अर्चना गुप्ता पर मनमानी और तानाशाहीपूर्ण रवैये का आरोप लगाते हुए कहा कि पंचायत समिति में जनप्रतिनिधियों और आमजन की सुनवाई नहीं हो रही। उन्होंने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो आंदोलन तेज किया जाएगा।


