गोरखपुर में लेखपाल मुख्य परीक्षा में शामिल होने वाले अभ्यर्थियों की सुविधा के लिए रेलवे प्रशासन ने स्पेशल ट्रेन चलाने का फैसला किया है। परीक्षा के दौरान बढ़ने वाली यात्रियों की भीड़ को देखते हुए यह व्यवस्था की गई है, ताकि अभ्यर्थियों को समय पर पहुंचने में परेशानी न हो। पूर्वोत्तर रेलवे के सीपीआरओ सुमित कुमार ने बताया कि गोरखपुर-लखनऊ परीक्षा स्पेशल ट्रेन 21 मई की रात 12:30 बजे गोरखपुर से रवाना होगी और सुबह 6:40 बजे लखनऊ पहुंचेगी। वहीं वापसी में लखनऊ-गोरखपुर अनारक्षित स्पेशल ट्रेन शाम 6:15 बजे लखनऊ से चलेगी और रात 11:55 बजे गोरखपुर पहुंचेगी। ट्रेन में लगाए जाएंगे 12 कोच रेलवे प्रशासन के मुताबिक स्पेशल ट्रेन में कुल 12 कोच लगाए जाएंगे। इससे बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों को यात्रा में राहत मिलेगी। रेलवे अधिकारियों का कहना है कि परीक्षा के चलते हर साल ट्रेनों और बसों में अतिरिक्त भीड़ देखने को मिलती है, इसलिए इस बार पहले से तैयारी की गई है। उप्र अधीनस्थ सेवा चयन आयोग (यूपीएसएसएससी) की लेखपाल मुख्य परीक्षा गुरुवार को आयोजित होगी। जिले के 39 केंद्रों पर होने वाली इस परीक्षा में 17,832 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा सुबह 10 बजे से दोपहर 12 बजे तक एक पाली में कराई जाएगी। प्रशासन ने पूरी की तैयारियां परीक्षा को शांतिपूर्ण और नकलविहीन ढंग से कराने के लिए प्रशासन ने तैयारियां पूरी कर ली हैं। एडीएम सिटी एवं नोडल अधिकारी गजेंद्र कुमार की अध्यक्षता में अधिकारियों और कर्मचारियों के साथ बैठक कर परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था, सुरक्षा और निगरानी को लेकर जरूरी निर्देश दिए गए।


