मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग:आरोपी से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

मेरठ में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग:आरोपी से मुठभेड़, पैर में गोली लगने के बाद पुलिस ने किया गिरफ्तार

मेरठ के ब्रह्मपुरी थाना क्षेत्र में प्रॉपर्टी डीलर के ऑफिस पर ताबड़तोड़ फायरिंग करने वाले एक आरोपी से बुधवार सुबह पुलिस की मुठभेड़ हो गई। इस दौरान पुलिस की गोली लगने से बदमाश घायल हो गया, जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है। आरोपी ने गाड़ी बरामदगी के समय पुलिस टीम पर फायरिंग की थी। पुलिस के अनुसार, यह घटना 16 मई की रात की है। माधवपुरम निवासी मनोज कुमार गोयल ने 18 मई को ब्रह्मपुरी थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया था कि अज्ञात बदमाशों ने माधवपुरम सेक्टर-1 स्थित ओम प्रॉपर्टी और महादेव प्रॉपर्टी टूर एंड ट्रैवल्स कार्यालय के शटर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की थी। इस मामले में ब्रह्मपुरी थाने में मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी फुटेज के आधार पर जांच शुरू की गई थी। जांच के दौरान, सीसीटीवी फुटेज और अन्य सबूतों के आधार पर घटना में इस्तेमाल की गई टाटा हैरियर कार की पहचान हुई। इस मामले में नितिन राणा, अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित और चीकू उर्फ पिस्टल के नाम सामने आए थे। ब्रह्मपुरी पुलिस ने बुधवार को आरोपी अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित, निवासी दुल्हैड़ा चौहान, थाना पल्लवपुरम को गिरफ्तार किया। पूछताछ में आरोपी ने बताया कि घटना में प्रयुक्त गाड़ी नूरनगर कट के पास एक कूड़ा गोदाम के निकट खड़ी है। जब पुलिस टीम आरोपी को लेकर गाड़ी बरामद करने पहुंची, तो आरोपी ने कार के डैशबोर्ड से तमंचा निकालकर पुलिस टीम पर जान से मारने की नीयत से फायरिंग कर दी। पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें आरोपी के दाहिने पैर में गोली लगी। पुलिस ने उसे तुरंत दबोच लिया और जिला अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस ने आरोपी के पास से एक तमंचा, घटना में इस्तेमाल की गई टाटा हैरियर कार और दो मोबाइल फोन बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, आरोपी अंकित भारद्वाज उर्फ गुड्डू पंडित पर हत्या, गैंगस्टर एक्ट, आगजनी, मारपीट और आर्म्स एक्ट सहित कई गंभीर धाराओं में मुकदमे दर्ज हैं। पुलिस आरोपी से पूछताछ कर उसके अन्य आपराधिक रिकॉर्ड खंगाल रही है।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *