Amitabh Bachchan Discharge after hospitalised: बॉलीवुड के महानायक अमिताभ बच्चन के फैंस उस समय बुरी तरह डर गए जब खबर आई कि बिग बी को हॉस्पिटल में एडमिट कराया गया है, लेकिन फिर कुछ समय बाद ही उनके स्वस्थ की खबर से हर कोई खुश हो गया। वह पूरी तरह ठीक हैं और उन्हें अस्पताल से भी छुट्टी मिल गई है। खबरों के मुताबिक, 83 साल के अभिनेता को शनिवार 16 मई को मुंबई के विले पार्ले स्थित नानावटी अस्पताल में रूटीन चेकअप के लिए ले जाया गया था। अब उनका एक क्रिप्टिक पोस्ट भी सामने आया है जो वायरल हो रहा है।
अमिताभ बच्चन हुए थे हॉस्पिटल में भर्ती (Amitabh Bachchan Discharge after hospitalised)
सूत्रों से मिली जानकारी के अनुसार, अमिताभ बच्चन को अस्पताल के ‘ए विंग’ के VIP सेक्शन में रखा गया था। उनके लंबे समय से निजी चिकित्सक और पेट के रोगों के विशेषज्ञ (गैस्ट्रोएंटेरोलॉजिस्ट), डॉ. जयंत बरवे की देखरेख में उनके कुछ जरूरी टेस्ट किए गए। इस दौरान उनके बेटे अभिषेक बच्चन को भी अस्पताल में देखा गया, जो अपने पिता की सेहत का हालचाल जानने पहुंचे थे। जैसे ही बिग बी के अस्पताल में होने की खबर फैली, सोशल मीडिया पर फैंस उनकी सलामती की दुआएं मांगने लगे। लेकिन डॉक्टरों ने साफ किया कि यह सिर्फ एक रूटीन चेकअप था और जांच के तुरंत बाद ही उन्हें डिस्चार्ज कर दिया गया।

अमिताभ बच्चन ने किया पोस्ट (Amitabh Bachchan Post)
अपनी सेहत को लेकर उड़ रही तरह-तरह की अफवाहों के बीच खुद अमिताभ बच्चन ने अपने फैंस की बेचैनी को शांत किया। सोशल मीडिया और अपने ब्लॉग पर बेहद एक्टिव रहने वाले सुपरस्टार ने मंगलवार की रात एक नई पोस्ट साझा की। उन्होंने अपने ब्लॉग पर चील और तोतों के उदाहरण के जरिए जीवन के गहरे दर्शन को समझाते हुए एक खूबसूरत कविता लिखी। ब्लॉग के आखिर में उन्होंने अपने चाहने वालों के लिए एक प्यारा सा संदेश देते हुए लिखा, “प्यार, प्रार्थनाएं और भी बहुत कुछ।” बिग बी के इस अपडेट के बाद उनके करोड़ों फैंस ने राहत की सांस ली है।

शूटिंग के वक्त लगी थी चोट (Amitabh Bachchan hospitalised Nanavati)
जो लोग अमिताभ बच्चन के इतिहास से वाकिफ हैं, वह जानते हैं कि बिग बी पिछले कई दशकों से पेट से जुड़ी दिक्कतों का सामना कर रहे हैं। साल 1982 में फिल्म ‘कुली’ की शूटिंग के दौरान सह-कलाकार पुनीत इस्सर के साथ एक फाइट सीन फिल्माते वक्त अमिताभ बच्चन एक जानलेवा हादसे का शिकार हो गए थे। उस वक्त उनके पेट में गंभीर चोट आई थी, जिसके चलते वे कई दिनों तक जिंदगी और मौत की जंग लड़ रहे थे। माना जाता है कि उस पुराने हादसे की वजह से उनके पेट में अंदरूनी जटिलताएं आज भी बनी हुई हैं, जिसके लिए उन्हें समय-समय पर डॉक्टरों की सलाह और बड़ी सर्जरियों से गुजरना पड़ता है।



