डीडवाना-कुचामन में डॉ. श्यामा प्रसाद मुखर्जी जिला उत्थान योजना की वार्षिक कार्ययोजना की समीक्षा बैठक मंगलवार को हुई।
कलेक्ट्रेट सभागार में जिला कलेक्टर अवधेश मीना की अध्यक्षता में यह बैठक हुई। इसमें विभिन्न विभागों द्वारा प्रस्तुत प्रस्तावों, विकास कार्यों और उपलब्ध बजट के उपयोग की विस्तृत समीक्षा की गई। संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने अधिकारियों को योजना के तहत स्वीकृत कार्यों का गुणवत्तापूर्ण और समयबद्ध क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि उपलब्ध धनराशि का त्वरित उपयोग कर स्थायी परिसंपत्तियों का निर्माण किया जाए।
मीना ने विकास अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्रों में स्थानीय पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष स्थलों की पहचान कर कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। बैठक में नावां क्षेत्र में बर्ड वॉच सेंटर विकसित करने तथा अन्य उपखंडों में भी पर्यटन संभावनाओं को बढ़ाने पर चर्चा हुई। डीडवाना झील क्षेत्र में चौपाटी निर्माण के निर्देश
कलेक्टर ने डीडवाना झील क्षेत्र में चौपाटी निर्माण, पर्यटकों के बैठने की व्यवस्था और अन्य सौंदर्यीकरण कार्य करवाने के भी निर्देश दिए। इसके अलावा खेल विभाग को खेल स्टेडियम को बेहतर ढंग से विकसित करने, उद्योग विभाग को म्यूजियम निर्माण की दिशा में कार्य करने तथा शिक्षा विभाग को राजकीय विद्यालयों में गुणवत्तायुक्त पिंक टॉयलेट एवं अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित करने के लिए बजट का प्रभावी उपयोग करने को कहा गया। बैठक में अतिरिक्त मुख्य कार्यकारी अधिकारी श्रवणराम जाखड़, जिला उद्योग केंद्र के महाप्रबंधक हरेंद्रराम, पशुपालन विभाग के उपनिदेशक डॉ. भगत सिंह सहित सभी विकास अधिकारी और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।


