हापुड़ में बाबूगढ़ पुलिस ने महिला पीआरडी जवान से मोबाइल फोन और नकदी छीनने के मामले का खुलासा करते हुए दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके पास से छीना गया मोबाइल फोन, एक हजार रुपए नकद, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और दो अवैध हथियार बरामद किए हैं। दरअसल, यह घटना 11 मई को हुई थी। ड्यूटी से लौट रही महिला पीआरडी जवान से ग्राम बछलैता रोड स्थित साईं मंदिर के पास मोबाइल फोन और मोबाइल कवर में रखे दो हजार रुपए नकद छीन लिए गए थे। घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी थी। बाबूगढ़ पुलिस ने कार्रवाई करते हुए अदनान और अनस नामक दो आरोपियों को गिरफ्तार किया। दोनों मजीदपुरा के निवासी हैं। पुलिस के अनुसार, ये दोनों शातिर अपराधी हैं और इनके खिलाफ करीब आधा दर्जन आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं। थाना प्रभारी प्रवीण कुमार ने बताया- पुलिस टीम लगातार अपराधियों के खिलाफ अभियान चला रही है। महिला पीआरडी जवान से हुई छिनैती की घटना को गंभीरता से लेते हुए एक विशेष टीम का गठन किया गया था। जांच और मुखबिर की सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को पकड़ा गया।


