अशोकनगर जिले के महुअन गांव में पलंग से गिरकर घायल हुए छह माह के एक बच्चे की मंगलवार सुबह इलाज के दौरान मौत हो गई। यह हादसा रविवार शाम को उस समय हुआ था, जब बच्चा घर में अकेला खेल रहा था। हालत बिगड़ने पर उसे सोमवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था, जहां उसने दम तोड़ दिया। बच्चे के परिजनों ने जिला अस्पताल के डॉक्टरों पर इलाज में लापरवाही बरतने का आरोप लगाया है। महुअन निवासी विकास चंदेल के 6 माह के बेटे आदर्श चंदेल की मौत के बाद अस्पताल परिसर में शोक की लहर दौड़ गई। परिजनों का आरोप है कि जिला अस्पताल के डॉक्टरों ने बच्चे के इलाज में लापरवाही की और स्थिति के बारे में पूछने पर कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया। मंगलवार सुबह बच्चे की मौत के बाद पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराकर उसे परिजनों को सौंप दिया है। पानी भरने गई थी मां, खेलते समय नीचे गिरा बच्चा यह दुर्घटना रविवार शाम को हुई थी, जब बच्चे की मां रवि चंदेल घर से बाहर पानी भरने के लिए गई थीं। उस दौरान मासूम आदर्श पलंग पर अकेला खेल रहा था। जब मां पानी लेकर वापस घर लौटीं, तो उन्होंने बच्चे को पलंग से नीचे फर्श पर पड़ा हुआ पाया। नीचे गिरने के कारण बच्चे के शरीर और सिर में गंभीर चोटें आई थीं। निजी क्लिनिक से जिला अस्पताल किया गया था रेफर हादसे के तुरंत बाद परिजन घायल बच्चे को ईसागढ़ ले गए और वहां एक निजी क्लीनिक में उसका प्राथमिक उपचार कराया। सोमवार शाम तक बच्चे की स्थिति में कोई सुधार नहीं हुआ, बल्कि उसकी हालत और ज्यादा बिगड़ने लगी। इसके बाद परिजन उसे तत्काल अशोकनगर जिला अस्पताल लेकर पहुंचे और भर्ती कराया, जहां मंगलवार सुबह इलाज के दौरान बच्चे ने दम तोड़ दिया।


