फतेहाबाद जिले में जमीन खरीदने की रंजिश में एक व्यक्ति के साथ मारपीट की गई। सदर थाना पुलिस ने मारपीट करने के आरोप में दो-दो सगे भाईयों समेत पांच लोगों पर केस दर्ज किया है। आरोप है कि इन पांचों ने लाठियों से पिटाई की। फिलहाल पुलिस मामले की जांच कर रही है। पुलिस को दी शिकायत में गांव भूथन कलां निवासी मान सिंह ने बताया कि मैंने दिसंबर 2025 में गांव आकावाली निवासी सतबीर से भूथन कलां में मुस्तरका खाता की सात एकड़ जमीन खरीदी थी। 17 मई को खेत की बुवाई करके वापस अपने घर पर आ रहा था। उसी समय दो बाइकों पर सवार होकर धर्मवीर, हंसराज, उसका भाई कुलदीप, अशोक कुमार व उसका भाई मनोज कुमार आए। आरोपियों ने मिलकर लाठियों से पीटा मानसिंह ने बताया कि उनके पास लाठियां व तलवार थी। उन्होंने मेरा रास्ता रोक लिया। मैं ट्रैक्टर से नीचे उतरकर आया तो सभी ने मेरे साथ झगड़ा किया। सभी ने कहा कि तुम जमीन में जुताई के लिए घुस कैसे गए। मैंने कहा कि मैंने यह जमीन सतबीर सिंह से खरीदी है। इतना कहते ही धर्मवीर ने अपने हाथ में ली हुई लाठी मारी। कुलदीप, अशोक कुमार, विनोद कुमार ने अपने हाथों में ली हुई लाठियों से पिटाई शुरू कर दी। हंसराज ने अपने हाथ में ली हुई तलवार लहराते हुए कहा कि दोबारा से खेत में घुसा तो तलवार से काट दूंगा। मैंने शोर किया तो सभी वहां से चले गए तथा जाते-जाते सभी मुझे धमकी देकर गए कि दोबारा से खेत में जुताई की तो हम तुम्हें जान से मार देंगे। डायल 112 टीम ने पहुंचाया अस्पताल मानसिंह ने बताया कि किसी राहगीर ने मदद के लिए 112 नंबर डायल किया। उसके बाद डायल 112 की टीम मौके पर पहुंची। डायल 112 गाड़ी में उसे भूना के सीएचसी में दाखिल करवाया गया। वहां से डॉक्टर ने अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया। मान सिंह ने पुलिस को बताया कि धर्मवीर, हंसराज, कुलदीप, अशोक कुमार व मनोज कुमार ने बिना वजह मेरा रास्ता रोक कर सतबीर सिंह से 7 एकड़ जमीन खरीदने की रंजिश रखते हुए मुझे चोटें मारी है तथा जान से मारने की धमकी दी है। इसके बाद पुलिस ने उसकी शिकायत इन पांचों पर केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।


