सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटा, मजदूर जिंदा जला:सतना में धमाके के बाद कर्मचारियों में भगदड़ मची, बस्ती तक पहुंचीं लपटें

सॉल्वेंट प्लांट में बॉयलर फटा, मजदूर जिंदा जला:सतना में धमाके के बाद कर्मचारियों में भगदड़ मची, बस्ती तक पहुंचीं लपटें

सतना जिले के अमरपाटन रोड स्थित विद्याश्री सॉल्वेंट प्लांट में सोमवार रात बॉयलर फटने से भीषण आग लग गई। धमाका इतना तेज था कि आसपास के इलाके में दहशत फैल गई। हादसे में मशीन ऑपरेटर दिलावर सिंह उर्फ पिंकू तिघरा (45) की जिंदा जलने से मौत हो गई, जबकि मजदूर मन्नू केवट घायल हो गया। उसे जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक हादसे के वक्त प्लांट में काम चल रहा था। बॉयलर फटते ही आग तेजी से पूरे परिसर में फैल गई और कर्मचारियों में भगदड़ मच गई। दिलावर सिंह आग की लपटों में फंस गए और बाहर नहीं निकल सके। प्लांट में धान की भूसी से राइस ब्रान ऑयल बनाया जाता था। परिसर में बड़ी मात्रा में भूसी और अन्य ज्वलनशील सामग्री रखी थी, जिससे आग तेजी से भड़क गई। आग की लपटें पास की बस्ती तक पहुंचने लगीं, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। सूचना मिलते ही दमकल की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं। भूसी के बड़े स्टॉक में लगी आग पर काबू पाने में घंटों मशक्कत करनी पड़ी। देर रात तक दमकल कर्मी राहत और रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटे रहे। घटना की सूचना पर एसडीएम सिटी राहुल सिलाडिया, सीएसपी देवेंद्र सिंह और कोतवाली टीआई रवीन्द्र द्विवेदी सहित प्रशासन और पुलिस के अधिकारी मौके पर पहुंचे। अधिकारियों ने घटनास्थल का निरीक्षण कर जांच शुरू कर दी है। हादसे के बाद नाराज लोगों ने कुछ देर सड़क पर जाम भी लगाया, जिसे पुलिस ने समझाइश देकर खुलवाया। प्रारंभिक जानकारी के अनुसार प्लांट शहर के सराफा कारोबारी सौरभ जैन की राइस मिल परिसर में संचालित हो रहा था। इसे बिहार के एक व्यापारी ने करीब 8 लाख रुपए प्रतिमाह किराए पर लिया हुआ था।

​ 

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *